-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, युवक की हुई मौत, चालक फरार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: लखीमपुर खीरीभीरा थाना क्षेत्र के कुकुरा रोड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार करीब 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: लखीमपुर खीरीभीरा थाना क्षेत्र के कुकुरा रोड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार करीब 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और लापरवाही के चलते हादसा हुआ। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर टेंट का सामान लेकर चक निवासी शेर सिंह यादव उर्फ पप्पू के घर जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली में भारी मात्रा में टेंट का सामान लदा हुआ था। इसमें लोहे के पाइप और खंभे बाहर की ओर निकले हुए थे, जबकि पीछे बड़ा जनरेटर भी बांधा गया था, जिससे वाहन असंतुलित बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुकुरा रोड पर बाइक सवार युवक सड़क पर टर्न लेते हुए आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने अचानक रॉन्ग साइड ले ली और बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया युवक के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और काफी लापरवाही से वाहन चला रहा था। सूचना मिलने पर भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिजुआ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय पुत्र श्यामलाल निवासी नौगवा के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
