-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट हुई बरेली पुलिस, एसपी साउथ और एसपी ट्रैफिक ने मार्गों का किया निरीक्षण
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसपी साउथ अंशिका वर्मा और एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने दक्षिणी क्षेत्र के कांवड़ मार्गों और प्रस्तावित कांवड़ जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, संवेदनशील स्थानों, बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस पिकेट और ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को कांवड़ मार्गों पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। एसपी साउथ और एसपी ट्रैफिक ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और लगातार गश्त सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्गों से अतिक्रमण, अवरोध और जलभराव जैसी समस्याओं को संबंधित विभागों के सहयोग से जल्द दूर कराने को कहा गया। अधिकारियों ने सभी सीसीटीवी कैमरों और प्रकाश व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु रखने के भी निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे। निरीक्षण के बाद एसपी साउथ अंशिका वर्मा और एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने शाहजहांपुर पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में दोनों जनपदों की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
