-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बस्ती के 14 युवाओं को मिला कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति पत्र, 195 लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 9.67 करोड़ रुपये
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार और जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता देने की दिशा में बुधवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्व विभाग में चयनित प्रदेश के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को
विस्तार
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार और जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता देने की दिशा में बुधवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्व विभाग में चयनित प्रदेश के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें बस्ती जिले के 14 नवनियुक्त कनिष्ठ सहायक भी शामिल हैं। नियुक्ति पत्र मिलने से युवाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल रहा। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है। भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह के भेदभाव और सिफारिश की कोई जगह नहीं है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की। इसमें बस्ती जिले के 195 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 9 करोड़ 67 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन अंतरित की गई। जिला स्तर पर एनआईसी में आयोजित कार्यक्रम में आशा, राजकुमारी, मंजू यादव, ज्ञानमती, निधि दुबे और गीता देवी को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, विधायक कप्तानगंज के प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर और एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने संयुक्त रूप से चेक प्रदान किए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अजय कुमार चौधरी और नायब तहसीलदार बस्ती सदर समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं ने इसे अपने लंबे संघर्ष और मेहनत का परिणाम बताते हुए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि सरकारी सेवा में चयन उनके साथ-साथ पूरे परिवार के सपनों की पूर्ति है। जिले में एक ही दिन रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़ी इन उपलब्धियों को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
