-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय हुईं राष्ट्रीय आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गौड़ियाल
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले, उन्हें जरूरी सुविधाएं दी जाएं और काम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गौड़ियाल लगाता
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले, उन्हें जरूरी सुविधाएं दी जाएं और काम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गौड़ियाल लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। इसके लिए वह अलग-अलग जगहों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. सुषमा गौड़ियाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान वह खासतौर पर देखती हैं कि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है या नहीं, उन्हें निर्धारित यूनिफॉर्म दी जा रही है या नहीं और साप्ताहिक छुट्टी का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि सर्दियों में महिला सफाई कर्मचारियों को सुबह छह बजे काम पर बुलाना ठीक नहीं है। उन्हें कम से कम सुबह आठ बजे तक काम पर बुलाया जाना चाहिए, जिससे वे घर की जिम्मेदारियां भी निभा सकें। साथ ही उन्होंने साफ किया कि साप्ताहिक छुट्टी के नाम पर कर्मचारियों के वेतन से कोई कटौती नहीं होनी चाहिए। 300 बेड अस्पताल में कोविड काल के दौरान काम करने वाले जिन कर्मचारियों को नए शासनादेश में जगह नहीं मिली है, उनके मामले पर भी उन्होंने संज्ञान लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रभावित कर्मचारी लिखित शिकायत दें। वह अगली बार अस्पताल पहुंचकर इस मामले का समाधान कराने का प्रयास करेंगी। डॉ. सुषमा गौड़ियाल ने कहा कि उन्हें शीर्ष नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना है। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों और सफाई कर्मचारी समाज को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। प्रेस वार्ता के दौरान एडवोकेट आकाश पुष्कर वरिष्ठ समाजसेवी एवं राजनेता , विकास पासवान क्षेत्रीय मीडिया सह संयोजक , हरी सिंह वरदान वरिष्ठ भाजपा नेता , हरबंस वरिष्ठ भाजपा नेता , शिशुपाल , महेन्द्र पाल राही , सुनील भारत , मुकेश पासवान , मुकेश गुप्ता , काबिर आदि मौजूद रहे।
