-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद डंपर ने युवक को रौंदा, चार लोग घायल
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बहराइच शिवदहा मोड़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बहराइच शिवदहा मोड़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दंपती और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, अमदापुर निवासी उदय प्रकाश और खुशी राम किसी काम से भूपगंज बाजार आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव अमदापुर लौट रहे थे। इसी दौरान बहराइच की ओर से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक आर्यनगर निवासी विकास शुक्ल चला रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी रेनू शुक्ल उर्फ किरण और उनके दो बच्चे भी सवार थे। दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमदापुर निवासी खुशी राम उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरे। इसी दौरान गोंडा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में खुशी राम आ गए। डंपर ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। वहीं, हादसे में विकास शुक्ल, उनकी पत्नी रेनू और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना में शामिल वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण हादसा बेहद गंभीर हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
