Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बरेली में चोरी की वारदातों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 05/09/2026 11:17:48 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 05/09/2026 11:17:48 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली के भोजीपुरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का दावा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली के भोजीपुरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का दावा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बैटरियां, एक इन्वर्टर, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूरन लाल, निवासी ग्राम भूड़ा, चन्द्रपाल साहू, निवासी ग्राम भूड़ा और अजय, निवासी कम्मपुर चौधरी, थाना इज्जतनगर, बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों को 4 सितंबर 2026 को दोपहर 12:34 बजे भूड़ा हॉल्टिंग के पास मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी दिन के समय गांवों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। ऐसे मकानों को निशाना बनाया जाता था, जिनके मालिक घर से बाहर गए हुए हों। इसके बाद रात में मौका देखकर बंद मकानों और अन्य स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों का संबंध भोजीपुरा क्षेत्र में दर्ज कई चोरी के मामलों से सामने आया है। इनमें 21 अगस्त को मोहम्मदपुर ठाकुरान स्थित कंपोजिट विद्यालय, 28 अगस्त को एल्डेको सिटी भोजीपुरा और 28-29 अगस्त की रात कम्मपुर ठाकुरान में हुई चोरी के मामले शामिल हैं। इसके अलावा 29 अगस्त को मुड़िया चेतराम में हुई चोरी के संबंध में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कम्मपुर ठाकुरान, एल्डेको सिटी दोहना, मुड़िया चेतराम और मोहम्मदपुर ठाकुरान स्थित सरकारी स्कूल में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। वहीं, 19 जुलाई को गांव जल्ला लाडपुर स्थित सरकारी गोदाम में चोरी की घटना में भी उनकी भूमिका सामने आने का पुलिस ने दावा किया है। इन अतिरिक्त घटनाओं में आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पूरन लाल के खिलाफ कुल छह मुकदमे, चन्द्रपाल साहू के खिलाफ चोरी समेत कई मुकदमे और अजय के खिलाफ चोरी के मामलों के साथ आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में हुई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह कुमार, उपनिरीक्षक अजय सिंह, कांस्टेबल सचिन, कांस्टेबल सोनू कोरी और कांस्टेबल गौरव कुमार शामिल रहे।