Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: पयागपुर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, डंपर की चपेट में आने से एक की मौत

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Shivam Jaiswal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 05/09/2026 11:19:44 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Shivam Jaiswal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 05/09/2026 11:19:44 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बहराइच के शिवदहा मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बहराइच के शिवदहा मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे एक बाइक सवार को पीछे से आ रहे डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दंपती और उनके दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, अमदापुर निवासी उदय प्रकाश पुत्र राम कृपाल और खुशी राम पुत्र मोती लाल किसी काम से भूपगंज बाजार गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने गांव अमदापुर लौट रहे थे। इसी दौरान शिवदहा मोड़ के पास बहराइच की ओर से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक पर आर्यनगर निवासी विकास शुक्ल पुत्र चंद्रशेखर शुक्ल, उनकी पत्नी रेनू शुक्ल उर्फ किरण और उनके दो बच्चे सवार थे। दोनों बाइकों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि अमदापुर निवासी खुशी राम सड़क के बीच जा गिरे। इसी दौरान गोंडा की ओर से आ रहे एक डंपर की चपेट में आने से खुशी राम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विकास शुक्ल, उनकी पत्नी रेनू और दोनों बच्चों का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।