Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बस्ती मंडल में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर, जलभराव व पेड़ गिरने से जनजीवन प्रभावित

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 26/09/2026 11:23:31 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 26/09/2026 11:23:31 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बस्ती मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच शनिवार को बस्ती मंडल में मौसम का व्यापक असर देखने को मिला।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बस्ती मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच शनिवार को बस्ती मंडल में मौसम का व्यापक असर देखने को मिला। बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, पेड़ और डालियां गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ, जबकि तेज हवा और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

 बस्ती में बारिश के बीच फील्ड में उतरे अधिकारी

जिलाधिकारी बस्ती कृतिका ज्योत्स्ना के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कीर्ति प्रकाश भारती ने शनिवार सुबह से विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों, नदी तटों और घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। भारी बारिश के बावजूद अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेते रहे।

वहीं नगर पालिका परिषद बस्ती के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता भी नगर क्षेत्र में व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। तेज हवा के कारण मुख्य मार्ग पर विशाल पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और पेड़ को हटवाकर मार्ग को साफ कराया।

 बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा मौसम का असर 

तेज हवाओं और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई स्थानों पर बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त होने अथवा पेड़ों की डालियों के तारों के संपर्क में आने से आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आईं। बिजली विभाग की टीमों को फॉल्ट तलाशकर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

संभावित रूप से पेड़ या बिजली के तार गिरने की घटनाओं को देखते हुए विद्युत विभाग की क्विक रिस्पांस टीमों को सक्रिय रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

 नदी घाटों पर बढ़ाई गई सतर्कता 

भारी बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए सरयू (घाघरा) समेत प्रमुख नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने नदी तटीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य के लिए नाव, नाविक और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 राहत शिविर और शरणालय तैयार रखने के निर्देश

संभावित बाढ़ और जलभराव से प्रभावित होने वाले संवेदनशील इलाकों में राहत शिविर और शरणालय तैयार रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों के ठहरने, भोजन, पेयजल, प्रकाश और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 मंडल के जिलों में भी मौसम का असर

बस्ती मंडल के तीनों जिलों में बारिश और तेज हवाओं के कारण सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे और जर्जर मकानों, पेड़ों तथा बिजली के तारों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासनिक और संबंधित विभागीय टीमें स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रख रही हैं।

 एसडीएम, तहसीलदार और ईओ को लगातार भ्रमण के निर्देश

जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति की निगरानी करने को कहा गया है। जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने अथवा अन्य किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 लोगों से सावधानी बरतने की अपील 

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, नदी और घाटों के आसपास न जाने तथा बिजली के खंभों, तारों, पेड़ों और जर्जर भवनों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग या प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।


Featured News