Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति का असर, परिवार परामर्श केंद्र में 6 विवादों का निस्तारण

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Vijay Kumar (UP) , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 11/08/2026 10:52:06 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Vijay Kumar (UP) ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 11/08/2026 10:52:06 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर जागरूकता और पारिवारिक विवादों के समाधान की कार्रवाई की गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर जागरूकता और पारिवारिक विवादों के समाधान की कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र में छह पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया गया। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। बातचीत के बाद परिजनों ने आपसी मतभेद समाप्त कर एक-दूसरे के साथ प्रेम और सम्मानपूर्वक जीवन बिताने पर सहमति जताई। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य परिवारों में बढ़ रहे विवादों को संवाद और समझौते के माध्यम से समाप्त कर आपसी सौहार्द कायम करना है।

ग्राम चौपाल और जनसंवाद के जरिए जागरूकता

मिशन शक्ति टीमों की ओर से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ग्राम चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को दहेज प्रथा और बाल विवाह के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा से बचाव और कानूनी सहायता के संबंध में जागरूक किया। इसके अलावा साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से बचने के तरीके भी बताए गए। बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी देकर उन्हें किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल अपने अभिभावकों या पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

जनसंवाद के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अभियान के दौरान आम नागरिकों को नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस की ओर से महिलाओं को सहायता के लिए महिला पावर लाइन 1090, पुलिस इमरजेंसी 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है और जागरूकता कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखा जाएगा।उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षित नारी सशक्त समाज के संदेश के साथ अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।