-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ में प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल, 6 डिप्टी कलेक्टर और 3 तहसीलदारों के तबादले
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह डिप्टी कलेक्टर (उप जिलाधिकारी) एवं तीन तहसीलदारों का स्थानांतरण कर दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह डिप्टी कलेक्टर (उप जिलाधिकारी) एवं तीन तहसीलदारों का स्थानांतरण कर दिया है। गुरुवार को जारी कार्यालय आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी आदेश के अनुसार वाचस्पति सिंह को उप जिला मजिस्ट्रेट कुंडा से उप जिलाधिकारी (न्यायिक) लालगंज, जितेंद्र कटियार को अपर उप जिलाधिकारी (प्रथम) से उप जिला मजिस्ट्रेट लालगंज तथा अजय यादव को उप जिलाधिकारी प्रतापगढ़ से उप जिला मजिस्ट्रेट कुंडा बनाया गया है। इसी प्रकार संजय यादव को उप जिलाधिकारी प्रतापगढ़ से उप जिलाधिकारी (न्यायिक) सदर, सुनील कुमार तृतीय को अपर उप जिलाधिकारी (प्रथम) प्रतापगढ़ तथा आकांक्षा जोशी को उप जिलाधिकारी (न्यायिक) सदर से अपर उप जिलाधिकारी (द्वितीय) प्रतापगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तहसीलदारों के स्थानांतरण में अलख शुक्ला को कुंडा से सदर, अनिल कुमार को सदर से कुंडा और नवागंतुक रवि यादव को तहसीलदार लालगंज नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि तीनों तहसीलदार अपने नियमित राजस्व कार्यों के साथ-साथ संबंधित तहसीलों के तहसीलदार न्यायिक के न्यायालयों में लंबित वादों का भी नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को बिना विलंब अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
