Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: मीना मंच ने जगाई बालिका सशक्तीकरण की चेतना, माताओं ने लिया बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Pankaj Kumar , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 24/09/2026 05:09:29 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Pankaj Kumar ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 24/09/2026 05:09:29 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: दनकौर गौतमबुद्धनगर उच्च प्राथमिक विद्यालय झट्टा, विकास क्षेत्र दनकौर में आज मीना के जन्मदिवस के अवसर पर मीना मंच–Power Angels एवं माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सार्थक, प्रेरणाप्रद एवं जागरूकतापरक आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: दनकौर गौतमबुद्धनगर उच्च प्राथमिक विद्यालय झट्टा, विकास क्षेत्र दनकौर में आज मीना के जन्मदिवस के अवसर पर मीना मंच–Power Angels एवं माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सार्थक, प्रेरणाप्रद एवं जागरूकतापरक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ माताओं को बेटियों के शैक्षिक एवं व्यक्तित्व विकास में सक्रिय सहभागी बनाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रा की माता श्रीमती पुष्पा, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में मीना मंच की Power Angels कक्षा 6 की परी, कक्षा 7 की अनुष्का एवं कक्षा 8 की आयुषी ने बालिका शिक्षा, सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं अधिकारों से संबंधित जागरूकतापरक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित माताओं एवं छात्राओं को प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत ‘माँ-बेटी संवाद’, ‘मेरी बेटी–मेरा गर्व’, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जागरूकता तथा माता संकल्प जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से माताओं एवं बेटियों के बीच आत्मीय संवाद, विश्वास एवं भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सक्रिय सहभागिता करने वाली Power Angels सहित मीना मंच समिति के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। साथ ही ‘साझा’ संस्था द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

हर बेटी के भीतर अनंत संभावना छिपी है

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के दनकौर ब्लॉक अध्यक्ष एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक सतीश पीलवान ने कहा—“हर बेटी के भीतर एक अनंत संभावना छिपी होती है और माँ उस संभावना को पहचानने वाली पहली शक्ति है। माँ का विश्वास बेटी को उड़ान देता है, जबकि शिक्षा उसे अपने पंखों पर उड़ना सिखाती है। हमारा संकल्प है कि कोई भी बेटी अपने सपनों को छोटा न समझे और हर माँ अपनी बेटी के सपनों की सबसे मजबूत साथी बने। आज की आत्मविश्वासी बेटी ही कल के सशक्त समाज की निर्माता होगी।”

उन्होंने कहा कि विद्यालय और परिवार जब मिलकर बालिकाओं के शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मविश्वास को प्राथमिकता देते हैं, तब बेटियों के व्यक्तित्व को नई दिशा मिलती है। “मीना मंच बालिकाओं को केवल अपनी बात कहने का मंच नहीं देता, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों को समझने, निर्णय लेने और नेतृत्व करने का आत्मविश्वास प्रदान करता है। जब माँ बेटी पर विश्वास करती है और विद्यालय उसे अवसर देता है, तब उसके व्यक्तित्व को नई दिशा मिलती है।” कार्यक्रम में उपस्थित माताओं ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वाभिमान एवं सपनों के प्रति सजग रहने तथा उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक सतीश पीलवान, शिक्षिकाएं कल्पना गोस्वामी, ललिता चौहान, सुनीता चौरसिया, मीनाक्षी चाहर एवं ज्योति चौहान, ‘साझा’ से शिवांश भाटी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री सीमा एवं दानवती, सहायिका अनीता सहित विद्यालय की छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में माताएं उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाली समस्त मातृशक्ति, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।