Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बरेली पुलिस में मासिक मूल्यांकन से बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा, 10 चौकी प्रभारी हुए सम्मानित

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 24/09/2026 01:28:22 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 24/09/2026 01:28:22 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली पुलिस ने पुलिसिंग की गुणवत्ता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चौकी प्रभारियों के कार्यों का मासिक मूल्यांकन शुरू किया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली पुलिस ने पुलिसिंग की गुणवत्ता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चौकी प्रभारियों के कार्यों का मासिक मूल्यांकन शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में अगस्त 2026 के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। मूल्यांकन में निरोधात्मक कार्रवाई, जनशिकायतों के निस्तारण और लंबित विवेचनाओं को नियमानुसार पूरा करने सहित कई बिंदुओं को आधार बनाया गया।

समीक्षा के परिणाम के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 चौकी प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जोगीनवादा चौकी प्रभारी कुशल पाल सिंह ने 427 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और उन्हें 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। सैटेलाइट चौकी प्रभारी मयंक भारद्वाज 304 अंकों के साथ दूसरे और जगतपुर चौकी प्रभारी मुनेन्द्र कुमार 301 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों में आदेश कुमार (फतेहगंज पश्चिमी), जावेद अख्तर (काकरटोला), जाकिर अली (गढ़ी कला), सौरभ डेढ़ा (मॉडल टाउन), जितेन्द्र कुमार (मढ़ीनाथ), वीरेन्द्र कुमार (न्यू सिटी जेल) और नितिन राणा (रोहिलखंड) शामिल रहे।

एसएसपी अनुराग आर्य ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।

कम प्रदर्शन करने वालों को चेतावनी

मासिक समीक्षा में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले 10 चौकी प्रभारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। धरोरा, रामनगर, सुभाषनगर, बेवड़ बसंतपुर, अहलादपुर, कोहाड़ापीर, आवास विकास, चौकी चौराहा, मनौना धाम और कुआटांडा चौकियों के प्रभारियों को चेतावनी जारी की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मूल्यांकन व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस सेवाओं में जवाबदेही बढ़ाना, लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाना और जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। विभाग का मानना है कि नियमित समीक्षा से पुलिसकर्मियों में जिम्मेदारी और परिणामपरक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।


Featured News