-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने की तैयारी हुई तेज, 120 संवेदनशील गांवों में चलेगा जागरूकता अभियान
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए पहले से तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, जोखिम प्रबंधन और सह-अस्तित्व के मॉडल पर काम करने के निर्देश दिए गए। बैठक में तय किया गया कि वन क्षेत्र से सटे 120 संवेदनशील गांवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए ग्राम चौपाल, विद्यालय, ई-रिक्शा पर लाउडस्पीकर और सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जाएगा। लोगों को वन्यजीवों से बचाव और जरूरी सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। वहीं, पूर्व में हुई घटनाओं के आधार पर हॉटस्पॉट, अति-संवेदनशील और संवेदनशील इलाकों की मैपिंग की जाएगी। प्रत्येक घटना का जियो-टैग्ड डेटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे वन्यजीवों की गतिविधियों पर बेहतर तरीके से नजर रखी जा सके। निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 24 घंटे रैपिड रिस्पॉन्स टीम सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही थर्मल ड्रोन, कैमरा ट्रैप और नाइट-विजन उपकरणों की मदद से संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। संवेदनशील वन सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 10 किलोमीटर अतिरिक्त सोलर चेनलिंक फेंसिंग के प्रस्ताव पर भी जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। बच्चों और पालतू पशुओं का विशेष ध्यान रखने, वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास नहीं जाने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करने की सलाह दी गई है। वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है। वन्यजीव दिखाई देने पर लोग संबंधित क्षेत्रीय वनाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। भांभर के क्षेत्रीय वनाधिकारी का नंबर 9616399300, रामपुर 7080992200, तुलसीपुर 9517170830, बरहवा 7906962094, बनकटवा 9919248813, पूर्वी सोहेलवा 8299660750 और पश्चिमी सोहेलवा 9450020146 है। बैठक में विद्युत विभाग, पंचायती राज, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, पुलिस और एसएसबी विभाग को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।प्रशासन ने लोगों से अपील की है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और वन्यजीवों की भी रक्षा करें।
उत्तर प्रदेश: बरेली में DM का बड़ा एक्शन: टाइपिंग में फेल बाबू पदावनत, गबन आरोपी की नौकरी गई
