Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: मूंगफली बीज वितरण में गड़बड़ी मिली तो होगी एसआईटी की जांच, डीएम ने मांगी रिपोर्ट

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Raju(UP) , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shikha Pandey, Date: 17/09/2026 12:41:49 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Raju(UP) ,
  • Edited By.: Shikha Pandey,
  • Date:
  • 17/09/2026 12:41:49 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली के विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस की बैठक में मूंगफली बीज वितरण में कथित गड़बड़ी का मुद्दा जोर-शोर से उठा।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली के विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस की बैठक में मूंगफली बीज वितरण में कथित गड़बड़ी का मुद्दा जोर-शोर से उठा। किसान रणवीर सिंह ने आरोप लगाया कि जिले के 14 विकास खंडों में मूंगफली बीज का वितरण सिर्फ कागजों पर कर दिया गया है। शिकायत पर डीएम अविनाश सिंह ने नाराजगी जताते हुए सोमवार तक किसानों के नाम समेत पूरी और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अगर जांच में बीज वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी या घोटाला सामने आता है तो मामले की एसआईटी जांच कराई जाएगी। इससे संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है। बैठक में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा भी उठा। इस पर डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी को 20 सितंबर तक हर हाल में किसानों का भुगतान कराने के निर्देश दिए।

वहीं, किसान क्रेडिट कार्ड यानी केसीसी ऋण पर मिलने वाली तीन प्रतिशत ब्याज छूट समय से नहीं मिलने की शिकायत पर डीएम ने एलडीएम को मामले का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। बिथरी के त्रिकुनिया गांव के अरविंद पटेल समेत कुछ किसानों ने शिकायत की कि पहले की गई शिकायतों का निस्तारण सिर्फ फाइलों तक सीमित रह गया है। इस पर डीएम ने कहा कि अब किसानों से सीधे फीडबैक लिया जाएगा, ताकि शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। किसान दिवस की बैठक में सीडीओ देवयानी, डीडी कृषि ओमप्रकाश मिश्र, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीपीआरओ कमल किशोर, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन भगत सिंह, डीएसओ दिलीप सैनी, मत्स्य निदेशक गायत्री पांडेय, केवीके वैज्ञानिक डॉ. रंजीत सिंह, जिला कृषि अधिकारी ऋनुषा तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।