Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: मालिक की मौत के बाद चारा नहीं खा रहा ब्रह्मानंद का घोड़ा, परिवार कर रहा देखभाल

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 25/09/2026 01:51:47 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 25/09/2026 01:51:47 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भगठान (गोसाईंपुर) गांव में जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भगठान (गोसाईंपुर) गांव में जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है। इस बीच उनके घोड़े से जुड़ी एक भावुक तस्वीर सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, ब्रह्मानंद की मौत के बाद से उनका घोड़ा पहले की तरह चारा नहीं खा रहा है। बताया जा रहा है कि ब्रह्मानंद यादव को घोड़ों से खास लगाव था और वह नियमित रूप से अपने घोड़े की देखभाल करते थे। घटना वाले दिन भी वह घोड़े के लिए चारा लेने बुलेट से गिठिनी बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन पर हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, ब्रह्मानंद घर से घोड़े के लिए चारा लेने निकले थे और परिवार को उनके वापस लौटने का इंतजार था। लेकिन कुछ ही देर बाद उनके साथ हुई घटना की जानकारी मिली। अस्पताल में उनकी मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया। अब घर में वही घोड़ा मौजूद है, जिसकी देखभाल ब्रह्मानंद खुद किया करते थे। परिवार के सदस्यों का कहना है कि घटना के बाद से घोड़ा ठीक से चारा नहीं खा रहा है। परिजन ही अब उसके खाने-पीने और देखभाल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

ब्रह्मानंद की हत्या के बाद घर में पसरा सन्नाटा और आंगन में मौजूद उनका घोड़ा परिवार को बार-बार उनकी याद दिला रहा है। जिस घोड़े के लिए चारा लेने ब्रह्मानंद घर से निकले थे, आज उसी के सामने चारा रखा जा रहा है, लेकिन उसे खिलाने वाला उसका मालिक नहीं है। हालांकि, घोड़े के चारा कम खाने के वास्तविक कारण की पुष्टि पशु चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकती है। घटना ने परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों को भी झकझोर दिया है।


Featured News