-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: बस स्टैंड का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, यातायात सुधार और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने राणापुर बस स्टैंड का विस्तृत निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, बस संचालन एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने राणापुर बस स्टैंड का विस्तृत निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, बस संचालन एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं को देखा तथा आम नागरिकों एवं यात्रियों से चर्चा कर समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि बस स्टैंड क्षेत्र में बसों की आवाजाही के दौरान अक्सर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है। विशेष रूप से हाट बाजार के दिनों में अत्यधिक भीड़ एवं ट्रैफिक दबाव के कारण यातायात प्रभावित होता है, जिससे यात्रियों, आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण एवं असंगठित रूप से लगे फल एवं अन्य ठेलों के कारण भी मार्ग बाधित होने की जानकारी दी।कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित नगर परिषद एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस स्टैंड क्षेत्र में डीकंजेशन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि बसों के आवागमन एवं यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही फल एवं अन्य ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से चिन्हित स्थानों पर संचालित कराया जाए, जिससे यातायात प्रभावित न हो एवं व्यवसायियों को भी असुविधा न हो। कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में स्थित यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर उसकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतीक्षालय को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाया जाए, ताकि यात्रियों को बैठने एवं प्रतीक्षा करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बस स्टैंड परिसर में नियमित साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वयं बस में चढ़कर परिवहन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बसों में टिकट दर सूची चस्पा होने की स्थिति देखी तथा यात्रियों से चर्चा कर निर्धारित दर के अनुसार किराया लिए जाने की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बसों में किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए एवं यात्रियों से निर्धारित दर के अनुसार ही किराया लिया जाना सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने बस संचालकों से बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट एवं परमिट संबंधी दस्तावेजों की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना वैध दस्तावेजों एवं आवश्यक फिटनेस के किसी भी वाहन का संचालन नहीं होना चाहिए तथा परिवहन संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि बस स्टैंड क्षेत्र आमजन एवं यात्रियों की सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष राणापुर सुश्री दीपमाला दिलीपसिंह नलवाया, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, सीईओ जनपद पंचायत राणापुर श्री बलवंतसिंह मवासे, सीएमओ श्री मिलन पटेल, तहसीलदार श्री हुकुमसिंह निंगवाल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
दिल्ली: सरकारी विद्यालय में जनजातीय समुदाय के लिए सेवा और सहयोग कार्यक्रम, कपड़ों का किया गया वितरण
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद चौक बाजार में भीषण जाम, 20 मिनट तक फंसी रहीं दो एंबुलेंस
उत्तराखंड: महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस की ‘झोटा बुग्गी यात्रा’, 24 मई को निकलेगा विरोध मार्च
राजस्थान: 2027 को लेकर घर-घर सर्वे जारी, जिला कलक्टर ने नागरिकों से सहयोग की करी अपील
मध्य प्रदेश: “संस्कारों की पाठशाला” कार्यक्रम, बच्चों को नैतिक मूल्यों व सुरक्षा की दी गई सीख
उत्तर प्रदेश: डीएम और एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं फरियादें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
