Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: शनि जयंती–शनिश्चरी अमावस्या मेले की तैयारियाँ तेज, 10 मई तक सभी व्यवस्थाएँ पूरी करने के निर्देश

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ajay Singh Tomar , मध्य प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 01/05/2026 04:05:40 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Ajay Singh Tomar ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 01/05/2026 04:05:40 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: मुरैना आगामी 15 एवं 16 मई को आयोजित होने वाले शनि जयंती एवं शनिश्चरी अमावस्या मेले को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।

विस्तार

मध्य प्रदेश: मुरैना आगामी 15 एवं 16 मई को आयोजित होने वाले शनि जयंती एवं शनिश्चरी अमावस्या मेले को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में शनि मंदिर सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी तैयारियाँ 10 मई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को जो जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं, वे उन्हें पूरी सजगता और प्रतिबद्धता के साथ समय-सीमा में पूरा करें। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने बताया कि संपूर्ण मेला परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। साथ ही उन्होंने शनि मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण भी किया और संबंधित विभागों से तैयारियों की समीक्षा की।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम मुरैना एवं नगर परिषद बानमौर को विशेष निर्देश दिए गए कि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई दुरुस्त रखी जाए और अनावश्यक वस्तुएँ जैसे जूते-चप्पल एवं पुराने कपड़े हटाए जाएँ। पीएचई विभाग द्वारा पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी, जिनकी नियमित रिफिलिंग जनपद पंचायत के माध्यम से सुनिश्चित होगी।कलेक्टर ने पार्किंग, बैरिकेडिंग, मार्ग मरम्मत जैसे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को मेला समिति को सीपीआर प्रशिक्षण देने, ओआरएस, ग्लूकोस एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए मोबाइल टॉयलेट, उच्च गुणवत्ता के टेंट एवं पर्याप्त मैट बिछाने की व्यवस्था करने को कहा गया।

विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर जनरेटर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को दो फायर ब्रिगेड तैनात करने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को  महिला कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा के मद्देनज़र मेला परिसर में तीन स्तरीय बैरिकेडिंग, तलाशी व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए। थाना प्रभारियों को मेला शुरू होने से पहले क्षेत्र का निरीक्षण करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने मेला परिसर में एलईडी स्क्रीन लगाने, प्रसाद एवं तेल की दरों का स्पष्ट प्रदर्शन करने तथा सभी आवश्यक टेंडर प्रक्रियाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने को कहते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। बैठक में सीईओ जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, एसडीओपी बानमौर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।