Contact for Advertisement 9650503773


महाराष्ट्र: महिला शिक्षिकाओं ने बॉक्स क्रिकेट में दिखाया दमखम, विश्वभारती पब्लिक स्कूल की टीम ने जीता दिल

- Photo by : social media

महाराष्ट्र  Published by: Sachin Ashokrao Moon , महाराष्ट्र  Edited By: Yashoda, Date: 15/09/2026 12:46:36 pm Share:
  • महाराष्ट्र
  • Published by.: Sachin Ashokrao Moon ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 15/09/2026 12:46:36 pm
Share:

संक्षेप

महाराष्ट्र: अमरावती महिला शिक्षिकाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य, फिटनेस और टीम वर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमरावती में पहली बार ‘लेडी एजुकेटर्स बॉक्स क्रिकेट लीग-2026’ का आयोजन किया गया।

विस्तार

महाराष्ट्र: अमरावती महिला शिक्षिकाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य, फिटनेस और टीम वर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमरावती में पहली बार ‘लेडी एजुकेटर्स बॉक्स क्रिकेट लीग-2026’ का आयोजन किया गया। बडनेरा रोड स्थित टीसीसी मॉल के सामने खेल कट्टा मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न नामी स्कूलों की महिला शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पांच ओवर के रोमांचक मुकाबलों में महिला शिक्षिकाओं ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। विश्वभारती पब्लिक स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने भी पूरे उत्साह और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम की कप्तान कल्पना खंडारे ने नेतृत्व करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। टीम में अस्मिता सोरगिवकर, प्रणाली कदम, दिपाली पुंड, मिनाक्षी किरटकर, माया पांडे, मिना बोरकर, वैशाली बोरकर, संगीता राऊत और दिपाली बोरकर शामिल रहीं।

गणेश वंदना और एरोबिक्स से हुई शुरुआत

 प्रतियोगिता का उद्घाटन अमरावती की राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक आकांक्षा माहुरे ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। मैचों से पहले प्राची भिडाने ने महिला शिक्षिकाओं के लिए विशेष एरोबिक्स वार्म-अप सेशन कराया। वहीं आकांक्षा डोंबा की गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया।कार्यक्रम में सेंट फ्रांसिस हाई स्कूल के प्रबंधन मंडल की नीना बिसन, प्राचार्या अर्चना मालानी, निलिमा डडाले, पंकज देशमुख और परेश तिवारी सहित विश्वभारती पब्लिक स्कूल की प्रबंधन मंडल सदस्य डॉ. संगीता बाजपेयी और प्राचार्या प्रीती पावडे उपस्थित रहीं। मास्टर एसोसिएशन की सचिव नंदा सोनवणे, पुष्पा चौधरी और उज्वला महाजन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

महिलाओं की खेल प्रतिभा को मिला मंच

 प्रतियोगिता के माध्यम से महिला शिक्षिकाओं ने यह संदेश दिया कि शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए समय निकालना भी जरूरी है। क्रिकेट के मैदान पर शिक्षिकाओं के उत्साह और टीम भावना ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।

 प्रतियोगिता के विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मधुरम प्री-स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल कर 3100 रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि श्री वल्लभ फाउंडेशन-मधुरम प्री-स्कूल दूसरे स्थान पर रहा और उसे 2100 रुपये मिले। सेंट फ्रांसिस हाई स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए 1100 रुपये का पुरस्कार जीता। विश्वभारती स्कूल, अमरावती चौथे स्थान पर रहा।

विशेष पुरस्कार भी दिए गए

 प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार श्री वल्लभ फाउंडेशन की कु. विधी नावंदर को, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार सेंट फ्रांसिस स्कूल की सौ. प्रतिभा तायडे को और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मधुरम स्कूल की कु. प्राजक्ता मडावी को दिया गया। महाराष्ट्र 50 बॉल्स क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पैठणी साड़ी का पुरस्कार लकी ड्रॉ के माध्यम से अस्मिता मैडम को दिया गया। वहीं मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स की ओर से आयोजित लकी ड्रॉ में मंजू, माया और वैष्णवी मैडम को विशेष उपहार मिले।

 कार्यक्रम का संचालन फ्रेंच भाषा के विद्वान एवं गिटार वादक सुयोग ढोमणे ने किया, जबकि महेश मुळे ने कमेंट्री की। प्रतियोगिता में अंपायर आराध्य इसासरे, साइड अंपायर हर्षित परमार, ऑफिशियल स्वर सावरकर व मित चव्हाण तथा स्कोरर मानस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन की सफलता में अमरावती 50 बॉल्स क्रिकेट एसोसिएशन की उप-विभागीय प्रमुख शुभांगी रावत, मधू आसोपा और महेश मुळे का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने कहा कि महिला शिक्षिकाओं को खेलों से जोड़ने के साथ भविष्य में विद्यार्थियों के लिए भी इसी तरह की बड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।


Featured News