-
☰
No image found.
Murder Crime News: मामूली विवाद के बाद सगे भाइयों पर किया चाकुओं से हमला, एक की हुई मौत
- Photo by : social media
संक्षेप
दिल्ली: दिल्ली के नरेला इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
विस्तार
दिल्ली: दिल्ली के नरेला इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कुछ युवकों द्वारा दो सगे भाइयों पर किए गए चाकू से हमले में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य हमलावरों की तलाश जारी है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में हुई है, जबकि उनके छोटे भाई 26 वर्षीय मोहम्मद सुहेल गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों भाई नरेला के ए-6, पॉकेट-4 इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। मुस्तकीम मजदूरी और पुताई का काम करते थे और हाल ही में काम के सिलसिले में उत्तम नगर गए हुए थे। उनके परिवार में माता-पिता, पांच भाई, तीन बहनें, पत्नी और दो साल का बेटा हैं। पत्नी और बेटा फिलहाल बिहार में रहते हैं। कैसे शुरू हुआ विवाद? जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात दोनों भाई काम से घर लौटे थे। खाना खाने के बाद सुहेल घर के पास एक दुकान पर बीड़ी लेने के लिए गए। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवकों ने सुहेल पर चाकू से हमला कर दिया। घायल होने के बाद सुहेल ने अपने बड़े भाई मुस्तकीम को फोन कर मौके पर बुलाया। मुस्तकीम तुरंत वहां पहुंचे और घायल भाई को घर ले जाने लगे। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। घर के बाहर दोबारा हुआ हमला परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद तीन बाइकों पर सवार चार से पांच युवक उनके घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों भाइयों को घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर परिवार के लोग घर से बाहर आए, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी धमकाया। परिजनों का आरोप है कि बीच-बचाव करने पर बदमाशों ने गोली मारने तक की धमकी दी। हमलावरों के जाने के बाद दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुस्तकीम को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुहेल का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मां की आंखों के सामने बेटे ने तोड़ा दम इस वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मुस्तकीम ने अपनी मां की आंखों के सामने दम तोड़ दिया। बेटे को बचाने की कोशिश करती मां कुछ नहीं कर सकीं। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि मुस्तकीम परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए दिन-रात मेहनत करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और दो साल के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है। नशा कारोबारियों पर जताया शक पीड़ित परिवार ने घटना के पीछे इलाके में सक्रिय नशा कारोबारियों और असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि क्षेत्र में खुलेआम नशे का कारोबार होता है और कुछ युवक लोगों से जबरन पैसे भी वसूलते हैं। मुस्तकीम की भाभी का कहना है कि इलाके में कई बार ऐसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनका दावा है कि सुहेल का विवाद भी ऐसे ही कुछ युवकों से हुआ था, जिसके बाद यह खूनी हमला हुआ। पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी दिलीप समेत अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
