Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: आयुष इंटर्न्स ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, ₹7,500 से ₹25 हजार करने की अपील

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 03/09/2026 05:29:41 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 03/09/2026 05:29:41 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद बरेली के सरकारी आयुष कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे छात्रों ने मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आवाज उठाई है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद बरेली के सरकारी आयुष कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे छात्रों ने मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आवाज उठाई है। इंटर्न्स ने वर्तमान में मिल रहे ₹7,500 प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹25,000 किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संबंधित अधिकारियों तक अपनी मांग पहुंचाने के लिए विस्तृत ज्ञापन तैयार किया है। इंटर्न्स का कहना है कि मौजूदा समय में बढ़ती महंगाई के बीच ₹7,500 की मासिक राशि पर्याप्त नहीं है। करीब 4.5 वर्ष की चिकित्सा शिक्षा पूरी करने के बाद इंटर्नशिप के दौरान उन्हें अस्पतालों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। इनमें वार्ड ड्यूटी, मरीजों की निगरानी, चिकित्सीय प्रक्रियाओं में सहयोग और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य कार्य शामिल हैं।

छात्रों के मुताबिक इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड से आवास, भोजन, आने-जाने, इंटरनेट, पढ़ाई की सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि इंटर्न्स को अस्पतालों में नियमित रूप से जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं, इसलिए उनके स्टाइपेंड को वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप किया जाना चाहिए। इंटर्न्स ने अपने ज्ञापन में दूसरे राज्यों में मिलने वाले स्टाइपेंड का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार पश्चिम बंगाल में ₹29,733, बिहार में ₹27,000, कर्नाटक में ₹25,000 और केरल में ₹23,000 तक मासिक स्टाइपेंड दिए जाने का दावा किया गया है। छात्रों का कहना है कि इन राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में आयुष इंटर्न्स को मिलने वाली राशि काफी कम है।

ज्ञापन में इंटर्न्स ने NCISM की 16 फरवरी 2022 की अधिसूचना का हवाला देते हुए आयुष इंटर्न्स को अन्य चिकित्सा पद्धतियों के इंटर्न्स के समान स्टाइपेंड दिए जाने की मांग रखी है। उनका कहना है कि इससे आयुष चिकित्सा पद्धति में प्रशिक्षण ले रहे छात्रों के साथ समानता सुनिश्चित होगी। इंटर्न्स ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में MBBS और BDS इंटर्न्स का स्टाइपेंड ₹25,000 प्रतिमाह किए जाने के बाद आयुष इंटर्न्स के लिए भी समान राशि निर्धारित की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। छात्रों को उम्मीद है कि उनकी मांग पर शासन स्तर से सकारात्मक कार्रवाई होगी।