-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मनरेगा योजना में डुप्लिकेट फोटो का मामला आया सामने, 12 सचिवों समेत कर्मचारियों पर कार्रवाई के दिए गए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर वीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले में श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने और मस्टर रोल में अनियमितता का मामला सामने आया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर वीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले में श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने और मस्टर रोल में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम्य विकास आयुक्त की समीक्षा में पांच विकास खंडों की 12 ग्राम पंचायतों में 17 कार्यों से संबंधित 37 मस्टर रोल पर एनएमएमएस एप के माध्यम से अपलोड किए गए फोटोग्राफ डुप्लिकेट पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 30 अक्टूबर को ग्राम्य विकास आयुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना की एमआईएस रिपोर्ट की समीक्षा की थी। इस दौरान बघौली, सांथा, मेंहदावल, नाथनगर और सेमरियावां विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में अनियमितता सामने आई। समीक्षा के बाद ग्राम्य विकास आयुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके क्रम में उपायुक्त श्रम रोजगार डॉ. प्रभात कुमार द्विवेदी ने संबंधित ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर जिम्मेदार सचिवों, ग्राम रोजगार सेवकों और महिला मेट के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा है। जांच में बघौली ब्लॉक की औरंगाबाद, बालुशासन, देवापार, हटवा, बघुआ और समदहा ग्राम पंचायतों में गड़बड़ी पाई गई। सांथा ब्लॉक की पसाई, अतरीनानकार और अमथरी ग्राम पंचायतें भी जांच के दायरे में आईं। इसके अलावा मेंहदावल ब्लॉक की कौवाठोर, नाथनगर ब्लॉक की टिकुईकोल और सेमरियावां ब्लॉक की दशावा ग्राम पंचायत में भी मस्टर रोल और फोटोग्राफ से संबंधित अनियमितता सामने आई। कार्रवाई के निर्देशों के अनुसार, संबंधित 12 सचिवों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की बात कही गई है। रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण लेकर उनकी संविदा सेवा समाप्त करने की कार्रवाई और अनियमितता में शामिल महिला मेट का पोर्टल से पंजीकरण समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों को कार्रवाई पूरी कर इसकी जानकारी देने को कहा गया है। जिन मस्टर रोल पर डुप्लिकेट फोटोग्राफ और अनियमित उपस्थिति दर्ज होने की बात सामने आई है, उन्हें निरस्त करने तथा संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि एनएमएमएस एप पर दोबारा ऐसी अनियमितता सामने आने पर संबंधित ब्लॉक के कार्यक्रम अधिकारी और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इसी बीच 30 अक्टूबर को अर्नब तूफान के प्रभाव से भारी बारिश के दौरान सांथा ब्लॉक की छह ग्राम पंचायतों में 537 श्रमिकों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज होने का मामला भी सामने आया है। सरकारी पोर्टल पर नाला खोदाई और चकरोड निर्माण जैसे कार्यों में श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज होने का विवरण मिला। पोर्टल के अनुसार, करमा कला ग्राम पंचायत में तीन स्थानों पर 25 मस्टर रोल के माध्यम से 236 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई। कोईलभार में सात मस्टर रोल पर 54 श्रमिकों की हाजिरी, खजुरी में चकरोड निर्माण कार्य पर 69 श्रमिकों की उपस्थिति और बेलवा मिश्र में चार मस्टर रोल पर 38 श्रमिकों की हाजिरी दर्ज होने का विवरण सामने आया। अठलोहिया ग्राम पंचायत में भी 24 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज होने की जानकारी दी गई है। भारी बारिश के दौरान दर्ज ऑनलाइन हाजिरी को लेकर कार्यों की निगरानी और उपस्थिति सत्यापन पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन सभी प्रविष्टियों को फर्जी घोषित किए जाने के संबंध में अलग से जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है। सांथा के खंड विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त श्रम रोजगार डॉ. प्रभात द्विवेदी ने बताया कि मस्टर रोल और फोटोग्राफ से संबंधित अनियमितता सामने आने पर पांचों ब्लॉकों के बीडीओ को पत्र जारी किया गया है। संबंधित सचिवों, रोजगार सेवकों और मेट के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जिन कार्यों में गड़बड़ी मिली है, उनके भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश: ई-रिक्शा में सवारी बनकर महिलाओं के झोले काटती थीं, दो महिलाएं हुई गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: 37 केंद्रों पर धान खरीद हुई शुरू, MSP 2441 रुपये प्रति क्विंटल है दाम
उत्तर प्रदेश: नेपाल में बेचता था चोरी की बाइकें, तीन मोटरसाइकिलों के साथ आरोपी हुआ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: पीईटी परीक्षा में पारदर्शिता के लिए डीएम ने किया केंद्रों का निरीक्षण
उत्तर प्रदेश: दीपावली से पहले पटाखा दुकानों की हुई जांच, लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था परखी
उत्तर प्रदेश: पुलिस लाइन में लगा वामा वेलनेस कैंप, पुलिस परिवारों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
