Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: मशीनीकृत सफाई को मिलेगा बढ़ावा, पर्यावरण प्रदूषण और शोर कम करने में मिलेगी मदद

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Sunil Kapoor , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 27/10/2026 01:52:12 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Sunil Kapoor ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 27/10/2026 01:52:12 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में रेलवे स्टेशनों की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर बैटरी चालित लिटर पिकर मशीन का प्रदर्शन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में रेलवे स्टेशनों की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर बैटरी चालित लिटर पिकर मशीन का प्रदर्शन किया गया। भारत में निर्मित इस मशीन को नोएडा से विशेष रूप से मुरादाबाद लाया गया था, ताकि रेलवे स्टेशन परिसर में मशीनीकृत सफाई की संभावनाओं का आकलन किया जा सके।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम शंकर झा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव की उपस्थिति में आयोजित प्रदर्शन के दौरान मशीन की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी गई। सक्शन तकनीक पर आधारित यह मशीन कचरे को खींचकर एकत्र करती है। इसका उपयोग प्लेटफॉर्म, रेलवे ट्रैक के आसपास और स्टेशन परिसर के अन्य स्थानों की सफाई के लिए किया जा सकता है। इससे बड़े क्षेत्रों में सफाई कार्य को अधिक तेज और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

बैटरी से संचालित होने के कारण मशीन में पारंपरिक ईंधन की आवश्यकता नहीं होती। इससे ईंधन से होने वाले प्रदूषण और शोर को कम करने में सहायता मिल सकती है। साथ ही, सफाई कार्य में लगने वाले समय की बचत और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने की भी संभावना है।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रेम शंकर झा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों को मशीन की विशेषताओं, कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

रेलवे प्रशासन की योजना भविष्य में मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल सफाई मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने की है। इसके लिए नई तकनीकों पर आधारित अन्य मशीनों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।