-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मेला गुघाल होगा प्लास्टिक मुक्त और इको-फ्रेंडली, नगरायुक्त ने तैयारियों की समीक्षा की
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में मेला गुघाल को इस वर्ष प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ, सुरक्षित और इको-फ्रेंडली बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में मेला गुघाल को इस वर्ष प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ, सुरक्षित और इको-फ्रेंडली बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगरायुक्त शिपू गिरि ने कैंप कार्यालय में नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने कहा कि इस वर्ष मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा। दुकानों और स्टॉलों पर बायोडिग्रेडेबल सामग्री, दोना-पत्तल, कागज तथा कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से जगह-जगह कूड़ा पृथक्करण के लिए अलग-अलग डस्टबिन, वाटर एटीएम और जूट व कपड़े के थैलों की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं से भी प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की जाएगी। बैठक में मेले को सभी वर्गों के लिए सुविधाजनक और समावेशी बनाने पर भी जोर दिया गया। दिव्यांगजनों के लिए रैंप और व्हीलचेयर, बुजुर्गों के लिए विश्राम स्थल, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट व चेंजिंग रूम और बच्चों के लिए खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मेले में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए साइनेज और हेल्पडेस्क भी बनाए जाएंगे। नगरायुक्त ने मेला गुघाल से संबंधित विभिन्न विभागों की निविदाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण कई कार्य अंतिम समय में पूरे हुए थे, जिससे असहज स्थिति बनी थी। इस वर्ष ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसलिए सभी टेंडरों का प्रकाशन, मूल्यांकन और निस्तारण जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करने तथा स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से फीडबैक लेकर कार्य करने के निर्देश दिए। मेले की तैयारियों और कार्यों की समयबद्धता को देखते हुए नगरायुक्त ने निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त कर दिए। नगरायुक्त ने कांवड़ मेला-2026 के सफल आयोजन के लिए निगम की पूरी टीम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इसी तरह टीमवर्क के साथ मेला गुघाल को भी प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ, सुरक्षित और सभी के लिए सुगम बनाया जाएगा। बैठक में नगर निगम के विभागाध्यक्ष, मेला अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी और अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हरियाणा: रेहड़ी-पटरी वालों को आसानी से मिले लोन, सीटीएम ने बैंकों को दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश: मायावती का बड़ा बयान, बीएसपी देशभर में अकेले लड़ेगी सभी छोटे-बड़े चुनाव
उत्तर प्रदेश: पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, 100 से अधिक कारीगर हुए शामिल
उत्तर प्रदेश: पत्नी को कार में देख भड़का पति, युवक की पिटाई से हाईवे पर हंगामा
