-
☰
No image found.
छत्तीसगढ़: 13 वर्षीय बेटी से बातचीत का विरोध करना पड़ा भारी, पिता की पिटाई के आठ दिन बाद हुई मौत, छह आरोपी गिरफ्तार
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
छत्तीसगढ़: बालोद जिले के पिनकापार चौकी क्षेत्र में 13 वर्षीय बेटी से बातचीत का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया।
विस्तार
छत्तीसगढ़: बालोद जिले के पिनकापार चौकी क्षेत्र में 13 वर्षीय बेटी से बातचीत का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। बदला लेने की नीयत से छह युवकों ने 35 वर्षीय गौकरण साहू पर उनके घर में घुसकर लाठी-डंडों और लकड़ी के राफ्टर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू आठ दिनों तक कोमा में जिंदगी और मौत से जूझते रहे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानिए पूरी खबर विस्तार में। सोते हुए गौकरण साहू पर किया जानलेवा हमला पुलिस के मुताबिक, घटना 30 जून की देर रात ग्राम संबलपुर में हुई। उस समय गौकरण साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। आरोप है कि मुख्य आरोपी भानुप्रताप जैन अपने पांच साथियों के साथ दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी से गांव पहुंचा। योजना के तहत दो आरोपी बाहर निगरानी करते रहे, जबकि चार आरोपी घर में घुस गए और गौकरण साहू पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। शोर सुनकर परिजन और उनकी बेटी जाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गौकरण साहू की मौत के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस की कार्रवाई पूछताछ में मुख्य आरोपी भानुप्रताप जैन ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी गौकरण साहू की नाबालिग बेटी से जान-पहचान थी। इसका विरोध करते हुए गौकरण साहू ने उसे और उसके माता-पिता को बुलाकर फटकार लगाई थी। आरोपी ने इसी बात का बदला लेने के लिए अपने साथियों के साथ हमले की साजिश रची। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भानुप्रताप जैन, नीरज रस्तोगी, तुषार निर्मलकर, दिनेश ढीमर, कुंदन यादव और दीपेश पटेल के रूप में की है। सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
