Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: महम में बीडीपीओ कार्यालय पर एसडीएम का औचक निरीक्षण, 8 कर्मचारी गैरहाजिर मिले

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 06/08/2026 05:59:21 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 06/08/2026 05:59:21 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हरियाणा के रोहतक जिले के महम में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में महम के एसडीएम विपिन कुमार ने मंगलवार को बीडीपीओ (ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

विस्तार

हरियाणा: हरियाणा के रोहतक जिले के महम में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में महम के एसडीएम विपिन कुमार ने मंगलवार को बीडीपीओ (ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में आठ कर्मचारी अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर पाए गए, जिस पर एसडीएम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कार्यालय के हाजिरी रजिस्टर, विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े अभिलेखों और कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट किए जाएं तथा कार्यालय का रिकॉर्ड पूरी तरह व्यवस्थित रखा जाए, ताकि किसी भी समय जांच के दौरान जानकारी उपलब्ध हो सके।

एसडीएम विपिन कुमार ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया और कर्मचारियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। विकास योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों को नियमानुसार संधारित करने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होना आवश्यक है, क्योंकि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान और विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए इन कार्यालयों पर निर्भर रहते हैं। यदि कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं होंगे तो आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

एसडीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा और ड्यूटी में लापरवाही, बिना अनुमति अनुपस्थित रहने या कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।