-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हुई हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली संजयनगर क्षेत्र में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या के बाद मंगलवार को इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली संजयनगर क्षेत्र में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या के बाद मंगलवार को इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज परिजन, स्थानीय लोग और डीजे व्यवसाय से जुड़े सैकड़ों लोग तितली हाउस के बाहर एकत्र हो गए और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार, गोसाईंगोटिया निवासी अर्जुन मौर्य डेलापीर स्थित एक बारातघर में डीजे संचालक के रूप में कार्य करते थे। सोमवार देर रात एक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक हमलावर ने अर्जुन के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल बन गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के दौरान जिला अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और डीजे व्यवसाय से परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर प्रदर्शन करते हुए आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर एसपी सिटी मानुष पारीक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के पिता राकेश मौर्य, जो राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) के जिला सचिव हैं, ने मोहल्ले के कुश, निक्की, जीपी समेत अन्य लोगों पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है, जिनमें डीजे व्यवसाय से जुड़ा विवाद और अन्य संभावित कारण शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश: चकबंदी विवाद को लेकर किसान यूनियन का 13 माह से धरना जारी, समाधान की मांग हुई तेज़
उत्तर प्रदेश: आयुष्मान मरीज से 22,773 रुपये की हुई वसूली, अस्पताल को 3 दिन में रिफंड का मिला आदेश
उत्तर प्रदेश: वार्षिक शतरंज प्रतियोगिता में शाकिर अली फाइनल में पहुंचे
राजस्थान: वानर की मृत्यु पर ग्रामीणों ने श्रद्धा के साथ निकाली शवयात्रा, किया अंतिम संस्कार
