Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: संजय सक्सेना हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, राजेश गुर्जर घायल अवस्था में गिरफ्तार

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 26/10/2026 12:12:18 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 26/10/2026 12:12:18 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: सुभाषनगर थाना क्षेत्र के शांति विहार स्थित होली चौक पर संजय सक्सेना की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को रामगंगा नदी किनारे मंदिर के पीछे पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सुभाषनगर थाना क्षेत्र के शांति विहार स्थित होली चौक पर संजय सक्सेना की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को रामगंगा नदी किनारे मंदिर के पीछे पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी राजेश गुर्जर घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने हत्याकांड में वांछित तीन अन्य आरोपियों कृष्णा गोस्वामी, राहुल तेली और धीरज गुर्जर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुरानी रंजिश में संजय की हत्या का आरोप पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे संजय सक्सेना अपने दोस्त मोनू सैनी के साथ दशहरा मेला देखकर स्कूटी से घर लौट रहा था। आरोप है कि शांति विहार स्थित होली चौक के पास पहले से मौजूद आरोपियों ने दोनों को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की बहन साक्षी की तहरीर पर सुभाषनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 733/2026 दर्ज किया गया था। इसमें नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। शिकायत में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया गया था। रामगंगा किनारे पुलिस से मुठभेड़ पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित राजेश गुर्जर रामगंगा नदी के किनारे स्थित एक मंदिर के पीछे खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे रुकने के लिए ललकारा। आरोप है कि खुद को घिरा देखकर राजेश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें राजेश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए। इस घटना के संबंध में सुभाषनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 746/2026 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धाराएं 3/25/27 शामिल हैं।

तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्याकांड में वांछित कृष्णा गोस्वामी, राहुल तेली और धीरज गुर्जर को भी गिरफ्तार किया। तीनों को कार्टन तिराहे से अंधी पुलिया की ओर जाने वाले रास्ते से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में पुरानी रंजिश की बात आई सामने पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चारों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि संजय सक्सेना का उनके कुछ साथियों से पहले विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इसी बात को लेकर वे उससे रंजिश रखते थे। पुलिस के अनुसार, संजय कुछ समय से नोएडा में रहकर डिलीवरी का काम कर रहा था और दशहरा के अवसर पर अपनी बहन के घर आया हुआ था। आरोप है कि दशहरा मेला देखकर लौटते समय आरोपियों ने उसे होली चौक के पास रोककर हमला किया। मारपीट के दौरान मोनू सैनी वहां से भाग निकला, जबकि संजय भी बचने की कोशिश में गिर गया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। पुलिस ने पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होने की बात स्वीकार करने का दावा किया है। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय में होगा।

राजेश और कृष्णा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, राजेश गुर्जर के खिलाफ वर्ष 2024 में दर्ज एक मुकदमे के अलावा संजय हत्याकांड और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, कृष्णा गोस्वामी के खिलाफ वर्ष 2025 में दर्ज एक अन्य मुकदमे के साथ संजय हत्याकांड का मुकदमा भी दर्ज है। राहुल तेली और धीरज गुर्जर का उपलब्ध आपराधिक विवरण फिलहाल इसी हत्याकांड के मुकदमे से संबंधित बताया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुभाषनगर सतीश कुमार नैन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवदीप कुमार, उपनिरीक्षक जयसिंह नगर समेत थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि संजय सक्सेना हत्याकांड में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में शेष आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।