-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: पहली बारिश में बदहाल हुआ उसरा शहीद–उपाधि मार्ग, जलभराव और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मानसून की पहली हल्की बारिश ने ही उसरा शहीद–उपाधि मार्ग की बदहाल तस्वीर उजागर कर दी। मामूली वर्षा के बाद सड़क कई स्थानों पर जलमग्न हो गई, जबकि जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मानसून की पहली हल्की बारिश ने ही उसरा शहीद–उपाधि मार्ग की बदहाल तस्वीर उजागर कर दी। मामूली वर्षा के बाद सड़क कई स्थानों पर जलमग्न हो गई, जबकि जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हर दिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश शुरू होते ही यह सड़क जलभराव और गड्ढों का शिकार हो जाती है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया अरशद जमाल, प्रबंधक, अल्फाज पब्लिक स्कूल ने कहा, "इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे आते-जाते हैं। जलभराव और गड्ढों के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन की चिंता लगातार बढ़ रही है। प्रशासन को इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराना चाहिए। हाफिज अब्दुल कासिम ने कहा, "सड़क की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। हल्की बारिश में ही लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय जिम्मेदार विभाग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। शफीक आलम ने कहा, "जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर साल यही हाल होता है। बरसात शुरू होते ही सड़क लोगों के लिए मुसीबत बन जाती है। स्थायी समाधान के बिना यह समस्या खत्म नहीं होगी।" सरजू प्रसाद ने कहा, "रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोग जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन को तत्काल सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। राम सजन उपाध्याय ने कहा, "यह सिर्फ सड़क की समस्या नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा का सवाल है। यदि जल्द सुधार कार्य नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान कोई भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि उसरा शहीद–उपाधि मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, गड्ढों को भरवाया जाए तथा स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
