-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: भांडेर में निकली 12वीं चुनरी यात्रा, 20 हजार श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: भांडेर शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गुरुवार को पंचमी तिथि पर जय माई सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: भांडेर शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गुरुवार को पंचमी तिथि पर जय माई सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की मोंठ तहसील स्थित ध्वार की शीतला माता मंदिर से मध्य प्रदेश के दतिया जिले की भांडेर तहसील स्थित रामगढ़ काली मंदिर तक निकली इस यात्रा में अनुमानित 20 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। यह आयोजन का 12वां वर्ष था। चुनरी यात्रा सुबह करीब सात बजे शीतला माता मंदिर से शुरू हुई। मंदिर के पुजारी रमेश पंडा ने मां रामगढ़ काली की तस्वीर, 201 मीटर लंबी चुनरी और पहुज नदी से लाए गए पांच कलशों का विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद भजन और डीजे की धुन के बीच श्रद्धालु चुनरी लेकर भांडेर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ जलपान की व्यवस्था की गई। शाहजहांपुर थाना पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रही। शाहपुर रपटा पहुंचने पर पहले से मौजूद महिलाओं ने पहुज नदी के जल से 351 कलश भरे। इसके बाद यात्रा ने भांडेर नगर में प्रवेश किया। नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने यात्रा में शामिल भक्तों को पानी, शरबत और फल वितरित कर स्वागत किया। भांडेर थाना प्रभारी सपना शर्मा ने भी थाना परिसर के सामने श्रद्धालुओं को पानी की बोतलें देकर जलसेवा की। इस बार शीतला माता मंदिर से रामगढ़ काली मंदिर तक करीब 12 किलोमीटर की यात्रा पूरी होने में लगभग दस घंटे लगे। यात्रा शाम पांच बजे रामगढ़ पहुंची, जहां 201 मीटर लंबी चुनरी मां काली को अर्पित की गई। आयोजकों के अनुसार, चुनरी को छोटी-छोटी चुनरियों में विभाजित कर नवरात्रि की नवमी पर आयोजित भंडारे में कन्याओं को भेंट किया जाएगा। यात्रा में 51 किलोग्राम की नींबू की माला भी आकर्षण का केंद्र रही। केवट और कुशवाहा समाज के युवकों द्वारा तैयार कराई गई इस माला को बग्घी पर सजाकर लाया गया और चुनरी अर्पित करने के बाद मां काली को समर्पित किया गया। विगत वर्षों की परंपरा के अनुसार रामगढ़ में जय मां भद्रकाली सेवा समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। आयोजकों के मुताबिक, इसमें 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भोजन-प्रसादी ग्रहण की। चुनरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
उत्तर प्रदेश: त्योहारों को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, डीएम-एसपी ने किया पैदल मार्च
उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद के शिव कुमार नवल को पत्रकारिता में योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि
उत्तर प्रदेश: पेड़ों की छंटाई न होने से अंधेरे में डूबीं आदर्श बिहार सोसाइटी की सड़कें
उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति के तहत जीआईसी नजीबाबाद में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित
उत्तर प्रदेश: रामलीला का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार
