Contact for Advertisement 9650503773


राजस्थान: सीएमएचओ का औचक निरीक्षण: हीट वेव प्रबंधन व एचपीवी टीकाकरण पर दिए सख्त निर्देश

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Manoj Kumar Chordiya , राजस्थान  Edited By: Kunal, Date: 22/04/2026 09:55:55 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by.: Manoj Kumar Chordiya ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 22/04/2026 09:55:55 am
Share:

संक्षेप

राजस्थान: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने मंगलवार को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़वा तथा उप स्वास्थ्य केंद्र अठीयासन का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विस्तार

राजस्थान: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने मंगलवार को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़वा तथा उप स्वास्थ्य केंद्र अठीयासन का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर सैनी ने निरीक्षण के दौरान  अस्पतालों में उपलब्ध दवाइयों, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, रिकॉर्ड संधारण तथा कार्मिकों की उपस्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने वर्तमान गर्मी एवं हीट वेव की स्थिति को देखते हुए चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, पेयजल, शीतल कक्ष तथा आपातकालीन उपचार व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को लू से बचाव संबंधी जागरूकता गतिविधियां चलाने के लिए कहा।

डॉ. जुगल किशोर सैनी ने 15 वर्ष तक की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए चिकित्सा स्टाफ को निर्देश दिए कि वे विद्यालय स्तर पर जाकर बालिकाओं एवं अभिभावकों को एचपीवी टीके के महत्व के बारे में जागरूक करें तथा पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, लैब जांच, दवा वितरण, जननी सुरक्षा योजनाओं तथा रोगी हित सेवाओं को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही समय पर ओपीडी संचालन, मरीजों से संवेदनशील व्यवहार तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डिड़िया कलाँ का भी दौरा किया। यहां उन्होंने स्कूल स्टाफ एवं छात्राओं से संवाद कर एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया तथा अधिकाधिक बालिकाओं को टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से यह अभियान सफल बनाया जाएगा।


Featured News