-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: अस्पताल से बुर्का पहनकर फरार हुई महिला बंदी, बेटों संग साजिश का आरोप
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली में जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुई महिला बंदी ममता के मामले में पुलिस जांच में कथित साजिश का खुलासा हुआ है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली में जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुई महिला बंदी ममता के मामले में पुलिस जांच में कथित साजिश का खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच के मुताबिक, ममता के दोनों बेटे घटना वाले दिन अस्पताल में उससे मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि फरारी की योजना पहले से बनाई गई थी और इसी के तहत अस्पताल के बाथरूम में बुर्का पहले ही रखवा दिया गया था। मामले में कोतवाली पुलिस ने ममता और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ममता फरीदपुर थाना क्षेत्र के पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में दिसंबर में गिरफ्तार हुई थी और उसे केंद्रीय कारागार-2 भेजा गया था। 31 अगस्त को उसे कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। उसकी निगरानी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6:35 बजे ममता नहाने के लिए वार्ड के बाथरूम में गई। बाहर तैनात महिला आरक्षी उसके लौटने का इंतजार करती रहीं। कुछ देर बाद बाथरूम से बुर्का पहने एक महिला बाहर निकली। पुलिसकर्मियों ने उसे कोई दूसरी महिला समझ लिया। जब काफी समय तक ममता बाहर नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू हुई।इसके बाद अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बुर्का पहने एक महिला अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दी। जांच में यह भी सामने आया कि ममता बाथरूम में सूट पहनकर गई थी, जबकि बाहर निकलते समय उसके शरीर पर बुर्का था। पुलिस को आशंका है कि बुर्का पहले से ही बाथरूम में पहुंचाया गया था। जांच में ममता के दोनों बेटों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बेटे दिन में ममता से मिलने अस्पताल पहुंचे थे और उसके फरार होने के बाद वहां मौजूद नहीं मिले। महिला आरक्षी नूतन सिसौदिया की तहरीर पर ममता और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अभिरक्षा से महिला बंदी के फरार होने के मामले में सुरक्षा में तैनात दोनों महिला आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, ममता और फरारी में कथित रूप से मदद करने वालों की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हालांकि, फरारी के करीब 24 घंटे बाद भी ममता पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताई जा रही है।
