Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: गुड़ैचा चौराहे के आंबेडकर पार्क में जलभराव और गंदगी, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

- Photo by : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश  Published by: Fulchand Malviya , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 04/09/2026 01:29:46 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Fulchand Malviya ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 04/09/2026 01:29:46 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: सीतापुर जिले के महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित गुड़ैचा चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहा है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सीतापुर जिले के महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित गुड़ैचा चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहा है। पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों और क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुड़ैचा चौराहा क्षेत्र की प्रमुख पहचान माना जाता है। यहां स्थित पार्क में संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसके बावजूद प्रतिमाओं के आसपास लंबे समय से नालियों का गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से पार्क की स्थिति खराब बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉ. आंबेडकर ने अपना पूरा जीवन शोषित, पीड़ित और वंचित वर्गों को न्याय और अधिकार दिलाने के लिए समर्पित किया। वहीं, तथागत गौतम बुद्ध ने दुनिया को शांति, करुणा और मानवता का संदेश दिया। ऐसे महापुरुषों की प्रतिमाओं वाले परिसर में गंदा पानी और कीचड़ जमा रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक, शासन-प्रशासन और स्थानीय स्तर पर उचित रखरखाव नहीं होने के कारण पार्क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। क्षेत्र की विधायक आशा मौर्य द्वारा चौराहे का नामकरण गौतम बुद्ध चौराहा किए जाने का भी उल्लेख किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि नामकरण के साथ पार्क की मूलभूत समस्याओं का समाधान भी जरूरी है।

जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान पार्क परिसर में पानी भर जाता है। इससे स्थानीय लोगों और वहां आने वाले नागरिकों को परेशानी होती है। साथ ही, गंदगी और जलभराव के कारण परिसर की स्वच्छता और गरिमा पर भी सवाल उठ रहे हैं।क्षेत्रवासियों ने उत्तर प्रदेश सरकार और सीतापुर जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों की मांग है कि पार्क परिसर में जमा गंदे पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था की जाए, नियमित साफ-सफाई कराई जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। स्थानीय लोगों ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं वाले इस प्रेरणा स्थल की गरिमा बनाए रखना प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। क्षेत्रवासियों ने जल्द ठोस कार्रवाई कर पार्क को साफ-सुथरा और जलभराव मुक्त बनाने की मांग की है।