-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बस्ती में चोरी की छह वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, जेवर, नकदी और बाइक हुई बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हर्रैया पुलिस और सर्विलांस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हर्रैया पुलिस और सर्विलांस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 800 ग्राम चांदी के आभूषण, सोने की एक नाक की कील, चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 22,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से जिले में दर्ज चोरी और नकबजनी के छह मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेश कुमार पुत्र चंद्र प्रकाश राजभर निवासी गोसाईजोत, थाना नगर, बस्ती और अमन गौतम पुत्र अजय कुमार गौतम निवासी रमया, थाना हर्रैया, बस्ती के रूप में हुई है। दोनों को 26 अक्टूबर को निपनिया मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से चोरी का सामान बरामद होने का दावा किया गया है। इसके बाद संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए दोनों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने कथित तौर पर बताया कि वारदात से पहले वे संबंधित स्थानों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी को अंजाम देते थे। चोरी का सामान हाईवे पर ट्रक चालकों को कम कीमत पर बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हर्रैया क्षेत्र के खैरी ओझा गांव में एक बुजुर्ग महिला के घर से चांदी की पायल, सिक्के, सोने की नाक की कील और नकदी चोरी करने सहित कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता बताई है। पुलिस ने बताया कि सामने आए मामलों में हर्रैया के दो, वाल्टरगंज के दो, कप्तानगंज का एक और नगर थाने का एक मुकदमा शामिल है। इनमें निर्माणाधीन मकान से जनरेटर का अल्टरनेटर और ग्राइंडर, पंचायत भवन से कंप्यूटर, प्रिंटर, डीवीआर और सोलर पैनल तथा अन्य स्थानों से नकदी और जेवरात चोरी की घटनाएं शामिल हैं। नगर थाना क्षेत्र से 23 और 24 अक्टूबर की रात चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बृजेश कुमार के खिलाफ पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं। यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिम सिंह के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में की गई।
उत्तर प्रदेश: नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती में 30 मतदेय स्थल घटाने का प्रस्ताव, पुनर्निर्धारण के बाद रहेंगे 2282 केंद्र
उत्तर प्रदेश: महिला अपराधों की जांच में लापरवाही पर एसपी सख्त, दो विवेचकों की प्रारंभिक जांच के आदेश
