-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बस्ती में 30 मतदेय स्थल घटाने का प्रस्ताव, पुनर्निर्धारण के बाद रहेंगे 2282 केंद्र
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती जिले में मतदेय स्थलों के संभाजन और युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत 30 मतदेय स्थल कम करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वर्तमान में जिले में 2312 मतदेय स्थल हैं, जबकि पुनर्निर्धारण के बाद इनकी संख्या 2282 प्रस्तावित की गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती जिले में मतदेय स्थलों के संभाजन और युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत 30 मतदेय स्थल कम करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वर्तमान में जिले में 2312 मतदेय स्थल हैं, जबकि पुनर्निर्धारण के बाद इनकी संख्या 2282 प्रस्तावित की गई है। इस संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रस्तावित सूची पर चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया गया है। निर्धारित मानकों के अनुसार मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के लिए सुगम और सुलभ सुविधा उपलब्ध कराना है। हर्रैया के मतदेय स्थल पर आपत्ति स्वीकार बैठक में मतदेय स्थलों की प्रकाशित आलेख्य सूची पर प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की समीक्षा की गई। कांग्रेस के पीसीसी सदस्य बाबूराम सिंह ने विधानसभा क्षेत्र 307-हर्रैया के एक मतदेय स्थल को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आपत्ति सुनने के बाद उसे स्वीकार कर निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में अन्य राजनीतिक दलों की ओर से कोई बड़ी आपत्ति नहीं उठाई गई। विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों का प्रस्ताव प्रस्तावित सूची के अनुसार, हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में 457, कप्तानगंज में 434, रुधौली में 508, बस्ती सदर में 421 और महादेवा (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में 462 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। इस तरह जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2282 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। मतदाता सूची दुरुस्त करने में सहयोग की अपील उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। बैठक में उप जिलाधिकारी हर्रैया प्रमोद कुमार, उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष सिंह, ओमप्रकाश सहित भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
