-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: यातायात नियमों की अनदेखी पड़ सकती है भारी, एसपी ओमवीर सिंह ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है। जीवन अमूल्य है
विस्तार
उत्तर प्रदेश: यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है। जीवन अमूल्य है, इसे लापरवाही से व्यर्थ न गंवाएं। यह बातें पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सोमवार को रामबाग गांधीनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित यातायात जागरूकता कार्यशाला में कहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने के साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के तरीके भी बताए। एसपी ने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल, तेज गति और नशे की हालत में ड्राइविंग दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती है। इसलिए इनसे पूरी तरह बचना चाहिए। उन्होंने वाहनों पर मानक के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाने की भी अपील की। विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। किसी अनजान कॉल या संदेश के जरिए बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी मांगे जाने पर सतर्क रहें और बिना सत्यापन कोई जानकारी साझा न करें। एसपी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
यातायात माह नवंबर के तहत आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनना चाहिए। बाइक पर तीन सवारी बैठाना खतरनाक होने के साथ नियमों के विरुद्ध भी है। चारपहिया वाहन में चालक और सहयात्री दोनों को सीट बेल्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने नाबालिगों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी प्रकार का वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड से रहें सतर्क कार्यशाला में एसपी ने साइबर अपराधों के प्रति भी विद्यार्थियों को सचेत किया। उन्होंने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। फर्जी फोन कॉल, ओटीपी मांगना, अनजान लिंक भेजना, सोशल मीडिया अकाउंट हैक करना, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड इसके प्रमुख तरीके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या निजी विवरण साझा न करें।
उत्तर प्रदेश: बालामऊ जंक्शन के पास रेलवे ट्रैक पर मिला 19 वर्षीय छात्र का शव, परिवार में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश: बारात से लौट रही अर्टिगा कार 10 फीट गहरी नहर में गिरी, दूल्हे के मौसा की मौत, चार घायल
वेस्ट बंगाल: मुर्शिदाबाद के सामशेरगंज में पुलिस की छापेमारी, छह गायें बरामद
