-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री पर बर्खास्तगी की तलवार, विभागीय जांच में दोषी पाए गए
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: यूजीसी के विरोध में गणतंत्र दिवस पर इस्तीफा देकर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचाने वाले निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के मामले में दस महीने बाद बड़ा घटनाक्रम
विस्तार
उत्तर प्रदेश: यूजीसी के विरोध में गणतंत्र दिवस पर इस्तीफा देकर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचाने वाले निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के मामले में दस महीने बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विभागीय जांच में उन्हें दोषी पाया गया है। मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अब उनकी बर्खास्तगी की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, शासन की ओर से अंतिम आदेश जारी होना बाकी है। इस बीच अग्निहोत्री राजनीति में सक्रिय होकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 40 प्रत्याशियों के नाम भी घोषित कर चुके हैं। शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ विभागीय जांच की थी। जांच रिपोर्ट में उन्हें प्रशासनिक पद पर रहते हुए सरकार के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने, वर्ग विशेष के संदर्भ में सरकारी नीतियों पर टिप्पणी करने और इस्तीफा स्वीकार होने से पहले भीड़ जुटाकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करने का दोषी पाया गया है। रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद अब सभी की निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं। 26 जनवरी को इस्तीफा देकर खोला था सरकार के खिलाफ मोर्चा अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी 2026 को यूजीसी के नियमों के विरोध में नगर मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए दोनों सरकारों पर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं, उन्होंने सरकारी नीतियों की तुलना अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो नीति से भी की थी। तत्कालीन जिलाधिकारी ने उन्हें अपने आवास पर बुलाकर समझाने का प्रयास किया था, लेकिन अग्निहोत्री अपने फैसले पर अड़े रहे। बाद में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना भी दिया था। विभागीय जांच के दौरान अग्निहोत्री ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए अपने बयानों का बचाव किया। इसके अलावा यूजीसी रेगुलेशन 2026 और प्रयागराज मेला प्रकरण का उल्लेख करते हुए अपना पक्ष रखा था। हालांकि, जांच में उन्हें दोषी पाया गया है। प्रशासनिक गलियारों से चुनावी मैदान तक पहुंचे अग्निहोत्री स्तीफे और निलंबन के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा नाम से राजनीतिक संगठन खड़ा किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दीं। अब तक वह 40 विधानसभा प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिस बर्खास्तगी को लेकर अब शासन के स्तर पर फैसले का इंतजार है, उसकी मांग अग्निहोत्री खुद भी कई बार कर चुके हैं। दस महीने पहले इस्तीफे से शुरू हुआ यह घटनाक्रम अब बर्खास्तगी की दहलीज तक पहुंच गया है। ऐसे में जहां उनके प्रशासनिक सेवा से जुड़े भविष्य पर अंतिम फैसला होना बाकी है, वहीं उनकी राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ रही है।
उत्तर प्रदेश: बालामऊ जंक्शन के पास रेलवे ट्रैक पर मिला 19 वर्षीय छात्र का शव, परिवार में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश: बारात से लौट रही अर्टिगा कार 10 फीट गहरी नहर में गिरी, दूल्हे के मौसा की मौत, चार घायल
वेस्ट बंगाल: मुर्शिदाबाद के सामशेरगंज में पुलिस की छापेमारी, छह गायें बरामद
