-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: बड़ौदा-रतलाम रेलवे फोरलेन परियोजना के भूमि अधिग्रहण का विरोध, आदिवासी समाज ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
मध्य प्रदेश: बड़ौदा-रतलाम रेलवे फोरलेन परियोजना के तहत किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में आदिवासी समाज एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दाहोद-लिमखेड़ा में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर भू
विस्तार
मध्य प्रदेश: बड़ौदा-रतलाम रेलवे फोरलेन परियोजना के तहत किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में आदिवासी समाज एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दाहोद-लिमखेड़ा में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि बड़ौदा से रतलाम के बीच प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का सबसे अधिक प्रभाव गरीब, पिछड़े और आदिवासी बहुल आबादी पर पड़ेगा। इस परियोजना के कारण बड़ी संख्या में आदिवासी एवं अन्य सीमांत किसानों के विस्थापन की आशंका जताई गई है। इन परिवारों की आजीविका मुख्य रूप से कृषि भूमि पर निर्भर है। ऐसे में जमीन अधिग्रहण होने से उनके सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मणभाई बड़किया ने कहा कि बड़ौदा-रतलाम के बीच बड़ी संख्या में गरीब आदिवासी परिवार निवास करते हैं। इसके अलावा ओबीसी, एससी एवं अल्पसंख्यक समुदाय के भी कई गरीब परिवार इस क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने भूमि अधिग्रहण को आदिवासी अधिकारों के प्रतिकूल बताते हुए कहा कि यह प्रक्रिया संविधान की पांचवीं अनुसूची, अनुसूचित क्षेत्र से जुड़े प्रावधानों, पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम 1996 (पेसा एक्ट) तथा सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों की भावना के विपरीत है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आदिवासी एवं अन्य गरीब सीमांत किसानों के लिए कृषि भूमि ही आजीविका का प्रमुख साधन है। जमीन छिन जाने के बाद केवल आर्थिक मुआवजा मिलने से उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। कई मामलों में जमीन के बदले जमीन उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे प्रभावित परिवारों को लंबे समय तक आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आदिवासी समाज एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की कि आदिवासी, ओबीसी, एससी और अल्पसंख्यक समुदाय के गरीब परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए बड़ौदा-रतलाम रेलवे फोरलेन परियोजना के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को तत्काल निरस्त किया जाए तथा प्रभावित किसानों और परिवारों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान ये लोग रहे मौजूद इस अवसर पर लक्ष्मणभाई बड़किया, भारतभाई, संजू वसुनिया, धर्मेश डामोर, पटेल प्रवीण सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश: हल्दौना में प्रदीप चेची बने RWA अध्यक्ष, मोनू गुर्जर ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश: शीशगढ़ में 41 लाख की सड़क निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, जेई ने किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश: हल्दौना में प्रदीप चेची बने RWA अध्यक्ष, भाजपा नेता मोनू गुर्जर ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश: दीवार तोड़कर दुकान के अंदर पहुंचा भारी वाहन, फ्रीजर और हाईमास्ट लाइट क्षतिग्रस्त
