-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: शीशगढ़ में 41 लाख की सड़क निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, जेई ने किया निरीक्षण
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली जिले के शीशगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में नैनीताल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली जिले के शीशगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में नैनीताल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर सड़क निर्माण से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद कार्य पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वीडियो में निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने का आरोप लगाया गया है। वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि सड़क पर डाली गई बजरी पैर मारने से ही हट रही है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने आरोप लगाया कि पहले सड़क निर्माण से पूर्व सफाई कराई जाती थी, जबकि इस बार मिट्टी के ऊपर ही काम किया जा रहा है। वीडियो में सड़क निर्माण की लागत 41 लाख रुपये बताई गई है और काम में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की जांच कराने और गुणवत्ता के मानकों के अनुसार काम पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य में इसी तरह लापरवाही बरती गई तो सड़क जल्द ही उखड़ सकती है। मामले की जानकारी मिलने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जेई प्रेम सिंह मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जेई ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील करते हुए बताया कि फिलहाल सड़क के गड्ढों को लेवल करने का काम किया जा रहा है। इसके बाद आगे सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा।
