Contact for Advertisement 9650503773


राजस्थान: पुलिस की बड़ी सफलता, वज्र प्रहार अभियान में 666 फरार अपराधी और असामाजिक तत्व पुलिस की गिरफ्त में

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Randheer Singh (RJ) , राजस्थान  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 25/07/2026 03:57:00 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by.: Randheer Singh (RJ) ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 25/07/2026 03:57:00 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से भरतपुर पुलिस रेंज ने विशेष वज्र प्रहार एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। 

विस्तार

राजस्थान: अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से भरतपुर पुलिस रेंज ने विशेष वज्र प्रहार एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस व्यापक अभियान के तहत पुलिस ने भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और डीग जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 666 फरार अपराधियों और असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया, जबकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ। पुलिस के अनुसार अभियान को सफल बनाने के लिए 1,247 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 303 विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने तड़के सुबह से ही अपराधियों के संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश देना शुरू किया। पूरे पुलिस रेंज में 1,973 स्थानों पर समन्वित छापेमारी की गई, जिसके चलते लंबे समय से फरार कई अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

अभियान के दौरान गंभीर और जघन्य अपराधों में वांछित अपराधियों पर विशेष फोकस रखा गया। पुलिस ने 4 इनामी अपराधियों, टॉप-10 सूची में शामिल 12 शातिर बदमाशों, 31 स्थायी वारंटियों एवं घोषित अपराधियों, 70 जघन्य अपराधों में वांछित आरोपियों, 76 सामान्य मामलों के आरोपियों तथा 139 गिरफ्तारी वारंट वाले व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शांति भंग की आशंका में 334 लोगों को भी हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की गई। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ भी अभियान के दौरान कड़ी कार्रवाई की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से गांजा, भांग, डोडा पोस्त और स्मैक जैसी प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। वहीं अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 मामले दर्ज किए गए और 15 आरोपियों को पिस्टल, देशी कट्टे तथा जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।

अवैध शराब के कारोबार पर भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। 50 मामलों में 50 आरोपियों को गिरफ्तार कर हजारों पव्वे देशी शराब, हथकढ़ शराब और बीयर जब्त की गई। इसके अलावा विभिन्न विशेष अधिनियमों के तहत 47 मामले दर्ज कर 76 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। भरतपुर पुलिस रेंज ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर रोक और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। साथ ही आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है, जिससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।


Featured News