Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: पेपर लीक और जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 25/07/2026 04:19:13 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 25/07/2026 04:19:13 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: पेपर लीक, भर्ती घोटालों और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बरेली में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: पेपर लीक, भर्ती घोटालों और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बरेली में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। जानकारी के अनुसार, बरेली के दामोदर पार्क में धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा हाथों में बैनर व तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और छात्रों पर कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार करने और छात्रों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि NEET, JEE, रेलवे, SSC, शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के कारण अभ्यर्थियों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से कमजोर हो रहा है।

ज्ञापन में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक या स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और आंदोलन से जुड़े छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की। इसके अलावा परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं के लिए समयबद्ध कैलेंडर जारी किया जाए। साथ ही उत्तर पुस्तिका, उत्तर कुंजी और स्कोर कार्ड उपलब्ध कराने, नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया की समीक्षा करने तथा भर्ती प्रक्रियाओं को तय समय सीमा में पूरा करने की मांग रखी गई।

प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कथित शिक्षा माफियाओं की संपत्ति जब्त करने, प्रभावित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को राहत देने तथा आंदोलन के दौरान घायल छात्रों को मुआवजा देने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। दामोदर पार्क से कलेक्ट्रेट तक सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में धरना, पैदल मार्च और ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि युवाओं की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।


Featured News