-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बस्ती में 345 ग्राम प्रहरी सम्मानित, सीएम योगी ने वेतन वृद्धि और कैशलेस इलाज की घोषणा की
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के ग्राम प्रहरियों को संबोधित किया। इसका लाइव प्रसारण रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में किया गया, जहां जिले के 345 ग्राम प्रहरी मौजूद रहे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के ग्राम प्रहरियों को संबोधित किया। इसका लाइव प्रसारण रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में किया गया, जहां जिले के 345 ग्राम प्रहरी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना की गई और उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए पुलिस लाइन में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों की भूमिका, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने में उनके योगदान पर जोर दिया गया वेतन वृद्धि और कैशलेस इलाज की घोषणा बरेली से अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों के वेतनमान में बढ़ोतरी और चिकित्सा सुविधा के लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस व जनता के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्राम स्तर पर होने वाली गतिविधियों और महत्वपूर्ण सूचनाओं को पुलिस तक पहुंचाने में भी उनकी भूमिका अहम है। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। एसपी ने कहा, पुलिस और जनता के बीच अहम कड़ी हैं ग्राम प्रहरी पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने ग्राम प्रहरियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम चौकीदार पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत बनाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने सभी ग्राम प्रहरियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की। 345 ग्राम प्रहरियों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस लाइन में मौजूद 345 ग्राम प्रहरियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के शेष ग्राम प्रहरियों को भी संबंधित थानों के माध्यम से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान पाकर ग्राम प्रहरियों में उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में मंडलायुक्त बस्ती मंडल, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी बस्ती, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक और जिले के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त महेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक अजय सिंह, नगर पालिका परिषद बस्ती की अध्यक्ष नेहा वर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
