-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: अल्फा-1 में घरों के बाहर कूड़ा फेंकने वालों पर हुई कार्रवाई, 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने की चेतावनी
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए प्राधिकरण ने घरों के बाहर कूड़ा-कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए प्राधिकरण ने घरों के बाहर कूड़ा-कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 सेक्टर में प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खुले में कूड़ा फेंकने वालों के चालान किए। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर इसके बाद भी लोग अपनी आदतों में सुधार नहीं करते हैं, तो आने वाले समय में 10 हजार रुपये तक का चालान किया जा सकता है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्राधिकरण के अधिकारियों ने कूड़ा फेंकने वालों की पहचान करने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। इसके तहत कूड़ा उठाने से पहले उसमें मौजूद पर्चियों और अन्य पहचान संबंधी चीजों की जांच की जाएगी। यदि कूड़े में किसी व्यक्ति के नाम या पते से संबंधित पर्ची मिलती है, तो उसके आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा फोटो और वीडियो के जरिए भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से भी की जा रही है। सेक्टर में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों के बाहर या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि सेक्टर में प्रतिदिन कूड़ा उठाने वाली गाड़ी आती है। ऐसे में निवासी अपना कचरा घर आने वाली गाड़ी को ही दें, ताकि आसपास गंदगी न फैले और क्षेत्र साफ-सुथरा बना रहे। इस कार्रवाई के दौरान अल्फा-1 सेक्टर के निवासी मनीष डावर और गजेंद्र शर्मा भी प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।
