-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: कुत्तों के झुंड ने दो बच्चों पर किया हमला, लोगों ने बीच-बचाव कर बचाई जान
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: शेरगढ़ बरेली में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: शेरगढ़ बरेली में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर से लेकर देहात तक कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर कुत्तों ने दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों बच्चों का अस्पताल में इलाज कराया गया। किला के चंदन नगर यादव गली निवासी मुलायम यादव का पांच वर्षीय बेटा विराट शनिवार शाम पड़ोस में कोचिंग पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया। घर पहुंचने के बाद बच्चे ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। वहीं, शेरगढ़ के बाजार वार्ड 12 निवासी नदीम खान का दो वर्षीय बेटा हमजा शनिवार शाम घर के बाहर निकला था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उस पर हमला कर उसकी गर्दन जबड़े में दबोच ली। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कुत्ते ने बच्चे को नहीं छोड़ा। इसके बाद लोगों ने ईंट-पत्थर बरसाकर किसी तरह बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल हमजा को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने बच्चे को हायर सेंटर रेफर किए जाने की पुष्टि की। उपचार के बाद परिजन रविवार को बच्चे को घर ले गए। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, इसी कुत्ते ने तीन दिन पहले पांच वर्षीय बच्ची और बुजुर्ग हाजी मोहम्मद सेन पर भी हमला किया था। एक बकरी को भी कुत्ते द्वारा काटे जाने की बात कही गई है। करीब तीन वर्ष पहले भी शेरगढ़ में आवारा कुत्तों के हमले में एक मासूम की जान चली गई थी। मोहल्ला शिव मंदिर वार्ड पांच निवासी छेदालाल के पांच वर्षीय बेटे दक्ष पर सीएचसी के पास जंगल में कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। इस घटना में मासूम की मौत हो गई थी। इसके बावजूद कस्बे में आवारा कुत्तों की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई। अब दो वर्षीय हमजा पर हुए हमले के बाद मोहल्ले के लोगों में फिर दहशत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्तों के झुंड अक्सर गलियों में घूमते रहते हैं, जिसके कारण बच्चों को अकेले बाहर भेजना मुश्किल हो गया है। लोगों ने आवारा कुत्तों से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़: 12 घंटे ड्यूटी और ₹290 भुगतान का आरोप; SECL प्रबंधन से निष्पक्ष जांच की मांग
उत्तर प्रदेश: मोरंग, गिट्टी और सरिया के दाम उछले; घर बनाने का सपना हुआ महंगा
उत्तर प्रदेश: पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री मार्तण्ड प्रकाश सिंह जी के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान
उत्तर प्रदेश: सेक्टर अल्फा-1 की समस्याओं को लेकर प्राधिकरण अधिकारियों ने किया दौरा
उत्तर प्रदेश: पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में सुनी फरियादियों की समस्याएं
