Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बस्ती में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का हुआ शुभारंभ

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 01/10/2026 03:39:03 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 01/10/2026 03:39:03 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देश पर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान की शुरुआत जीआईसी स्कूल परिसर से हुई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रचार वाह

विस्तार

उत्तर प्रदेश: चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देश पर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान की शुरुआत जीआईसी स्कूल परिसर से हुई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सजी हुई मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन तथा जिला स्वास्थ्य समिति बस्ती के प्रचार वाहनों की रैली निकाली गई। रैली जीआईसी परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, कंपनी बाग, फव्वारा चौराहा, मालवीय रोड, रौता चौराहा और रोडवेज होते हुए जिला अस्पताल पहुंची। इस दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के लिए साफ-सफाई और स्वस्थ व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

 घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम  अभियान के तहत 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को विभिन्न संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देंगी। लोगों को डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग और कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को बुखार को गंभीरता से लेने और आवश्यकता पड़ने पर सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में "स्वस्थ व्यवहार अपनाना है-संचारी रोगों को हराना है" का संदेश दिया गया। अभियान के बैनर पर "बुखार में देरी पड़ेगी भारी" और "7 का वार, संचारी रोगों पर प्रहार" जैसे संदेश भी प्रदर्शित किए गए।

लोगों को जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5145 तथा 108 की जानकारी भी दी गई। साफ-सफाई और समय पर उपचार पर जोर  कार्यक्रम के दौरान संचारी रोगों से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ घर और आसपास के वातावरण को साफ रखने पर जोर दिया गया। लोगों से अपने गांव, मोहल्ले और समुदाय को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
अधिकारियों ने बताया कि बुखार होने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए और पीड़ित को समय पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना चाहिए। विशेष रूप से बच्चों में बुखार के मामलों को गंभीरता से लेने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने का संदेश दिया गया।  दिलाई गई संचारी रोग नियंत्रण की शपथ  कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शपथ दिलाई गई। शपथ में अपने गांव, ब्लॉक, जनपद और प्रदेश को रोगों से मुक्त रखने के लिए हरसंभव प्रयास करने, व्यक्तिगत और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा समुदाय को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।

इसके साथ ही बुखार से पीड़ित व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल जाने के लिए प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई गई।  दिमागी बुखार से बचाव के लिए जागरूकता  दस्तक अभियान की शपथ के दौरान दिमागी बुखार के प्रति भी लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। बताया गया कि बुखार की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय जांच और उपचार जरूरी है। विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतने, व्यक्तिगत स्वच्छता रखने और शौचालय का प्रयोग करने पर जोर दिया गया। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेगी। ये अधिकारी रहे मौजूद 
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र दुबे, सहायक मलेरिया अधिकारी चंद्र मोहन मेहरोत्रा, एसएमआई प्रमोद कुमार, मलेरिया इंस्पेक्टर ज्योति सिंह, अनिल कुमार, फाइलेरिया इंस्पेक्टर अभय वर्मा, विपिन चौधरी, लैब टेक्नीशियन मनीष सिंह, अब्दुल वारिस, सीवीओ अरुण गुप्ता समेत स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका के कर्मचारी तथा आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।