-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: पोरसा में मंगल कलश स्थापना के साथ वर्षायोग का शुभारंभ, चार माह तक होंगे धार्मिक आयोजन
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: धर्म नगरी पोरसा में शुक्रवार को सकल दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में वर्ष 2026 के पावन वर्षायोग का शुभारंभ मंगल कलश स्थापना के साथ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में हुआ।
विस्तार
ममध्य प्रदेश: धर्म नगरी पोरसा में शुक्रवार को सकल दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में वर्ष 2026 के पावन वर्षायोग का शुभारंभ मंगल कलश स्थापना के साथ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में हुआ। सेंट्रल बैंक के सामने स्थित श्री नागजी धर्मशाला में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता कर पूज्य आर्यिका श्री 105 विप्राश्री माताजी ससंघ के मंगल सानिध्य में धर्मलाभ अर्जित किया। यह वर्षायोग परम पूज्य समाधिस्थ आचार्य श्री 108 विराग सागरजी महाराज एवं परम पूज्य पट्टाचार्य आध्यात्म योगी आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागरजी महाराज की पावन परंपरा में संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंगल कलश स्थापना से हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजन-अर्चन कर धर्म, संयम एवं आध्यात्मिक जीवन के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर आर्यिका श्री 105 विप्राश्री माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में कहा कि किसी भी नगर में चातुर्मास एवं वर्षायोग का आयोजन अत्यंत सौभाग्य का विषय होता है। वर्षायोग के दौरान साधु-संघ एक स्थान पर विराजमान रहकर धर्म, ज्ञान, तप, स्वाध्याय और आत्मकल्याण का संदेश देते हैं। यह चार माह केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं होते, बल्कि आत्मचिंतन, चरित्र निर्माण और आध्यात्मिक उन्नति का श्रेष्ठ अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इस अवधि में अधिक से अधिक समय धर्म आराधना, स्वाध्याय, संयम, सत्संग एवं सदाचार के पालन में लगाना चाहिए। धर्म की सच्ची साधना से ही मनुष्य के जीवन में शांति, संतोष और आत्मिक सुख का संचार होता है। वर्षायोग के माध्यम से समाज में सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है। कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने आर्यिका संघ का अभिनंदन करते हुए वर्षायोग के सफल आयोजन का संकल्प लिया। सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा आगामी चार माह तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रवचन, स्वाध्याय, पूजन एवं अन्य धर्म आराधना के कार्यक्रम नियमित रूप से संपन्न होंगे। समारोह में सकल दिगम्बर जैन समाज पोरसा के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए जैन नसिया जी परिसर में स्नेहभोज की व्यवस्था की गई। वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज पोरसा ने नगरवासियों से आगामी चार माह तक आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित करने का आह्वान किया।
