Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: MY Bharat पोर्टल पर युवाओं का पंजीकरण बढ़ाने के मिले निर्देश, डीएम ने अधिकारियों को दिए आदेश

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 25/07/2026 04:23:26 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad ahmad ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 25/07/2026 04:23:26 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: युवाओं को विभिन्न अवसरों से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: युवाओं को विभिन्न अवसरों से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक कुमार ने की। बैठक में मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने मेरा युवा भारत की पृष्ठभूमि, उद्देश्य, कार्यप्रणाली और वर्तमान भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना का भी प्रस्तुतीकरण किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे सघन पंजीकरण अभियान के पोस्टर का अनावरण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को MY Bharat पोर्टल से जोड़ा जाए। जिलाधिकारी ने माध्यमिक शिक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में युवाओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराया जाए। साथ ही सभी सरकारी विभागों और कार्यालयों का भी MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर तक अभियान को पहुंचाने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत सचिव, डाटा एंट्री ऑपरेटर और अन्य पंचायत स्तरीय कर्मचारियों की मदद ली जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। बैठक में बताया गया कि MY Bharat पोर्टल युवाओं को क्विज, निबंध लेखन, एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम (ELP), स्वयंसेवी गतिविधियों सहित कई अवसर उपलब्ध कराता है। इसके माध्यम से युवाओं को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेने का मौका मिलता है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं और अन्य युवा केंद्रित अवसरों की जानकारी भी युवाओं तक पहुंचाई जा सकती है। बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम, युवा संसद, यूथ फेस्टिवल और विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज जैसे कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाले पंजीकरण अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि MY Bharat की गतिविधियों और वार्षिक कार्ययोजना को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Featured News