-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद जंक्शन पर यात्री सुविधाओं की खुली पोल, निरीक्षण में बंद मिलीं लिफ्टें और एलईडी स्क्रीन
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) के सदस्य डॉ. पवन कुमार जैन ने शुक्रवार को मुरादाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) के सदस्य डॉ. पवन कुमार जैन ने शुक्रवार को मुरादाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण सुविधाएं बंद एवं अव्यवस्थित मिलीं, जिस पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए रेलवे प्रशासन से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की। निरीक्षण में पाया गया कि फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर स्थापित लिफ्टें बंद पड़ी थीं, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं एवं भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. जैन ने यह भी पाया कि फुट ओवर ब्रिज पर पर्याप्त दिशा-निर्देश एवं सूचना पट्टिकाएं (साइनेज) उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म एवं अन्य स्थानों तक पहुंचने में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। स्टेशन परिसर में लगी अनेक एलईडी स्क्रीन बंद मिलीं, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की अद्यतन जानकारी समय पर नहीं मिल पा रही थी। वहीं, स्वच्छता अभियान के तहत लगाए गए प्लास्टिक बोतल क्रेशर भी निष्क्रिय पड़े मिले, जिससे पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य प्रभावित हो रहे हैं।निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि अधिकांश वेंडर एवं कैटरिंग स्टाफ निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं थे, जिससे यात्री असमंजस में थे कि कौन सा अधिकृत वेंडर है रेलवे के मानकों के अनुसार यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया जाने वाला 'जनता खाना' किसी भी काउंटर पर उपलब्ध नहीं मिला, जिससे सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के यात्रियों को असुविधा हो रही है। डॉ. जैन ने स्टेशन की सफाई व्यवस्था को भी असंतोषजनक बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता, सूचना प्रणाली तथा यात्री सुविधाओं में अपेक्षित स्तर का रखरखाव दिखाई नहीं दिया। निरीक्षण के उपरांत डॉ. पवन कुमार जैन ने रेलवे प्रशासन से सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने, बंद पड़ी सुविधाओं को तत्काल चालू कराने, सूचना प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद मंडल का प्रमुख स्टेशन होने के कारण यहां की व्यवस्थाएं रेलवे की गुणवत्ता और कार्यशैली का प्रत्यक्ष प्रतिबिंब होती हैं, इसलिए यात्री सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश: गो-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष आज बस्ती-संतकबीरनगर दौरे पर, गौशालाओं का करेंगे औचक निरीक्षण
मध्य प्रदेश: पोरसा में मंगल कलश स्थापना के साथ वर्षायोग का शुभारंभ, चार माह तक होंगे धार्मिक आयोजन
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर में 15-16 अगस्त को बाबा विश्वकर्मा का दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन
