Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड और डंडा भी किए बरामद

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 25/07/2026 04:25:42 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad ahmad ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 25/07/2026 04:25:42 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। थाना मेंहदावल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे और लोहे की रॉड के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संदीप कुमार मीना के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना मेंहदावल राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की।

पुलिस के अनुसार, थाना मेंहदावल में दर्ज मुकदमा संख्या 304/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस में वांछित चल रहे आरोपी जाकिर हुसैन पुत्र सुलेमान और मुबारक अली पुत्र अब्दुल गनी, निवासी नगपुर थाना मेंहदावल, संत कबीर नगर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ठाठर पुल के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक डंडा और एक लोहे की रॉड बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को निरुद्ध कर किशोर न्यायालय भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 23 जुलाई 2026 का है। नगपुर निवासी लालकेश्वर तिवारी पुत्र लालमन तिवारी ने थाना मेंहदावल में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर के सामने से बकरी ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान आरोपियों और दो बाल अपचारियों ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से उनके और उनके भाई धर्मेंद्र तिवारी पर हमला कर दिया था। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और 24 जुलाई को दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशुतोष मणि त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अरविंद कुशवाहा, कांस्टेबल चंदन यादव और कांस्टेबल अरुण यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।