Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू, 17 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Raju(UP) , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 27/10/2026 04:57:12 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Raju(UP) ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 27/10/2026 04:57:12 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की मतगणना मंगलवार को शहर के संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में शुरू हुई। सुबह आठ बजे से शुरू हुई इस प्रक्रिया में नौ जिलों के मतदान केंद्रों से लाई गई मतपेटियों में पड़े मतों की गिनती की जा रही है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की मतगणना मंगलवार को शहर के संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में शुरू हुई। सुबह आठ बजे से शुरू हुई इस प्रक्रिया में नौ जिलों के मतदान केंद्रों से लाई गई मतपेटियों में पड़े मतों की गिनती की जा रही है। चुनाव में कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके राजनीतिक भविष्य का फैसला मतगणना पूरी होने के बाद होगा।

मतगणना शुरू होने से पहले सुबह सात बजे प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला गया। इसके बाद सुबह नौ बजे मतपेटियां खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई। मतगणना के लिए आठ टेबल और एक रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) टेबल बनाई गई है। प्रशासन के अनुसार, मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच मुख्य मुकाबला

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। इनके अलावा 15 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। मतगणना के प्रत्येक चरण के साथ प्रत्याशियों को मिले मतों की स्थिति स्पष्ट होगी। परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी हैं।

105 बूथों पर हुआ था मतदान

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को दोनों मंडलों के नौ जिलों में 105 बूथों पर मतदान कराया गया था। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 46 हजार से अधिक पंजीकृत मतदाताओं में से 35,146 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 73.69 दर्ज किया गया था। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच संजय गांधी कम्युनिटी हॉल के स्ट्रांग रूम में रखा गया था।

सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से निगरानी

मतगणना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक टेबल पर माइक्रो ऑब्जर्वर, सुपरवाइजर और दो सहायक कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंटों को भी टेबलों पर मौजूद रहने की अनुमति दी गई है। मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और सभी टेबलों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। मतगणना के अलग-अलग चरणों की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर भी लगाए गए हैं।

दो पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी

मंडलायुक्त शंभू कुमार के निर्देश पर मतगणना कर्मचारियों की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है। पहली पाली सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक और दूसरी पाली शाम चार बजे से रात 12 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रत्येक पाली में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों सहित 55 कार्मिकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए दो अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंटों और अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था की गई है। वैध पहचानपत्र के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं है। मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। परिसर में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात हैं।

चुनाव मैदान में ये 17 प्रत्याशी

भाजपा से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और समाजवादी पार्टी से हाजी दानिश अख्तर चुनाव लड़ रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों में संजय कुमार मित्रा, राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, डॉ. सुनीत गिरि, नाज रिजवी और नेत्रपाल शामिल हैं।