-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बस्ती में 46 लाख की अल्ट्रासाउंड मशीन चोरी का खुलासा, अस्पताल संचालक गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती जिले के कप्तानगंज कस्बे में पैथोलॉजी सेंटर का ताला तोड़कर अल्ट्रासाउंड मशीन और अन्य उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती जिले के कप्तानगंज कस्बे में पैथोलॉजी सेंटर का ताला तोड़कर अल्ट्रासाउंड मशीन और अन्य उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कप्तानगंज थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से करीब 46 लाख रुपये कीमत की दो अल्ट्रासाउंड मशीनें और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की वैगनआर कार बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी विक्रमजोत कस्बे में अस्पताल संचालित करता है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने कप्तानगंज के अलावा लखनऊ में भी अल्ट्रासाउंड मशीन चोरी करने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विपिन पांडेय पुत्र सरजूदीन पांडेय निवासी पूरे काशीराम, थाना छावनी, बस्ती के रूप में हुई है। उसे 26 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:40 बजे बिहरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 317(4) और 111 बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 23 सितंबर को सत्या पैथोलॉजी में हुई थी चोरी पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को कप्तानगंज स्थित सत्या पैथोलॉजी सेंटर का ताला काटकर अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप, अन्य उपकरण और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली गई थी। इस मामले में कप्तानगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 257/2026 दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस और सर्विलांस टीम जांच में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब दो साल पहले विक्रमजोत में सूर्या हॉस्पिटल शुरू किया था। अस्पताल में आधुनिक मशीनें खरीदने के लिए पर्याप्त पूंजी नहीं होने के कारण उसने अपने साथी अभय पांडेय के साथ मिलकर मशीनें चोरी करने की योजना बनाई। आरोप है कि 23 सितंबर की रात करीब एक बजे ग्राइंडर से सत्या पैथोलॉजी का ताला काटकर सामान चोरी किया गया। लखनऊ के डायग्नोसिस सेंटर में चोरी का भी आरोप पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी ने लखनऊ के विक्टोरिया स्ट्रीट स्थित शिया डिग्री कॉलेज के पास संचालित फर्स्ट स्कैन डायग्नोसिस सेंटर से भी अल्ट्रासाउंड मशीन चोरी करने की बात बताई। आरोप है कि 16 अक्टूबर की रात सेंटर का ताला कटर से काटकर मशीन चोरी की गई और उसे वैगनआर कार में लादकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि लखनऊ के चौक थाने में भी इस संबंध में मुकदमा दर्ज है। दो मशीनें और कार बरामद पुलिस ने दो अल्ट्रासाउंड मशीनें बरामद की हैं। इनमें VOLUSON S8T मशीन की अनुमानित कीमत 38 लाख रुपये और दूसरी मशीन की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। दोनों मशीनों की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की वैगनआर कार भी बरामद की गई है। हालांकि, चोरी हुए लैपटॉप, अन्य उपकरणों और नकदी की बरामदगी को लेकर पुलिस के प्रेस नोट में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस ने आरोपी के आपराधिक इतिहास में बस्ती के छावनी थाने, अयोध्या के रुदौली थाने और लखनऊ के चौक थाने में दर्ज मुकदमों का भी उल्लेख किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। संयुक्त टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमलेश कुमार गोंड, चौकी प्रभारी महाराजगंज अनिल त्रिपाठी, उपनिरीक्षक रामफल चौरसिया, उपनिरीक्षक रविंद्र यादव और सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और चोरी से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश: सात माह में 743 मोबाइल फोन बरामद, 2.06 करोड़ रुपये की संपत्ति उनके मालिकों को लौटाई
